महाराष्ट्र पुलिस के अपराध जांच विभाग (सीआइडी) ने बारामती विमान दुर्घटना मामले में वीएसआर वेंचर्स के मालिक वीके ¨सह से गुरुवार को पूछताछ की। वीएसआर वेंचर्स उस विमान की संचालक है जो बारामती में दुर्घटनाग्रस्त हुआ। इस हादसे में उपमुख्यमंत्री अजीत पवार की मौत हो गई थी।
सीआईडी के एक अधिकारी ने पूछताछ के बारे में अधिक जानकारी दिये बिना कहा कि वी के सिंह का बयान दर्ज किया जा रहा है।
वीएसआर वेंचर्स द्वारा संचालित एक लियरजेट 45 विमान 28 जनवरी को पुणे जिले की बारामती हवाई पट्टी के निकट दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें अजीत पवार और चार अन्य लोगों की मौत हो गई थी।
विमान दुर्घटना के बाद बारामती तालुका पुलिस थाने में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया था और बाद में इसे पुणे सीआइडी को सौंप दिया गया था।
इससे पहले, जांच एजेंसी ने कहा था कि उसका ध्यान इस बात का पता लगाने पर है कि क्या किसी गड़बड़ी या आपराधिक लापरवाही के कारण बारामती हादसा हुआ था।
एक सूत्र के अनुसार, वीके सिंह से पूछताछ से कुछ दिन पहले, सीआइडी ने विमान दुर्घटना की जांच के सिलसिले में वीएसआर वेंचर्स को कुछ सवाल भेजे थे।
वीएसआर वेंचर्स को बचाने की कोशिश हो रही: रोहित
राकांपा (शरद पवार) के विधायक रोहित पवार ने बुधवार को आरोप लगाया था कि कोई वीएसआर वेंचर्स को बचाने की कोशिश कर रहा है और दावा किया था कि विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआइबी) की प्रारंभिक जांच ने उनके द्वारा पहले उठाए गए संदेहों की पुष्टि कर दी है। विमान दुर्घटना पर 22-पृष्ठ की अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट में एएआइबी ने कहा कि दुर्घटना के समय दृश्यता आवश्यक स्तर से कम थी।
कुछ दिन पहले अजीत पवार के बेटे जय पवार ने इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो साझा किया था, जिसमें आरोप लगाया गया था कि वीके सिंह के बेटे रोहित सिंह को उड़ान के दौरान मुख्य पायलट की सीट पर सोते हुए देखा गया था और उनकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग की थी।
उन्होंने यह भी मांग की थी कि इस विमान दुर्घटना की जांच पूरी होने तक वीएसआर वेंचर्स के सभी विमानों को उड़ान भरने से रोका जाये। सूत्रों के अनुसार, अजीत पवार के बेटे पार्थ पवार परिवार के अन्य सदस्यों के साथ घटना की उच्च स्तरीय जांच की मांग करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात कर सकते हैं।