“Pushpa 2 के प्रीमियर पर हुआ हंगामा, अल्लू अर्जुन को देख बेकाबू हुई भीड़, एक महिला की मौत”…

सुपरस्टार अल्लू अर्जुन की नई फिल्म Pushpa 2 के प्रीमियर के दौरान हैदराबाद में बड़ा हादसा हो गया है।

खबर है कि आयोजन के दौरान मची भगदड़ में एक महिला की मौत हो गई है। साथ ही एक बच्चा भी घायल हो गया है।

खुद अर्जुन भी थिएटर पहुंचे थे, जिसके बाद भीड़ बेकाबू हो गई और हादसा हो गया। इससे जुड़े कई वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर किए जा रहे हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हैदराबाद के आरटीसी क्रॉसरोड्स स्थित संध्या थिएटर में बुधवार रात भगदड़ मच गई थी।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 39 वर्षीय रेवती की मौत हो गई और उनका बच्चे को गंभीर चोटें आई हैं, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रेवती पति भास्कर और दो बच्चों के साथ फिल्म के प्रीमियर में पहुंची थीं।

भीड़ में गिरने के बाद महिला को CPR दिया गया और बाद में विद्या नगर स्थिति अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।

इसके बाद पुलिस बच्चे को CPR देकर होश में लाई और उसे बेगमपेट स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया था। खबर है कि बच्चे की हालत स्थिर बनी हुई है।

घटना रात करीब 10 बजकर 30 मिनट पर घटी। उस दौरान लीड एक्टर अर्जुन अचानक थिएटर पहुंचे थे। उनके पहुंचने के बाद बेकाबू हुई भीड़ को संभालने के लिए पुलिस भी तत्काल हरकत में आ गई थी।

घटना के कुछ देर बाद ही अर्जुन को भारी सुरक्षा और पुलिस की मौजूदगी में लौटते हुए देखा गया। उन्होंने वहां मौजूद फैन्स का भी अभिवादन किया।

पुष्पा 2

पुष्पा 2: द रूल साल 2021 में आई पुष्पा: द राइज का सीक्वल है। फिल्म में अर्जुन के अलावा रश्मिका मंदाना और फहाद अहम भूमिका में हैं। फिल्म मेकर्स बड़ी ओपनिंग की उम्मीद कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *