केरल भाजपा अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने तिरुअनंतपुरम नगर निगम में पार्टी की जीत और प्रदेश के स्थानीय निकाय चुनावों में राजग के प्रदर्शन को ऐतिहासिक करार दिया।
कहा कि इन परिणामों ने राज्यभर में पार्टी के वोट शेयर और राजनीतिक प्रभाव में निर्णायक विस्तार को दर्शाया है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा- पार्टी के हर कार्यकर्ता के लिए यह एक ऐतिहासिक जीत है, क्योंकि हमने अपने वोट शेयर और राजनीतिक प्रभाव में वृद्धि की है।
राजग ने वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) और कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) दोनों के पारंपरिक गढ़ों में भी बढ़त हासिल की है।
इन नतीजों से यह साबित हो गया है कि एलडीएफ अब मुकाबले से बाहर हो चुका है। इन चुनाव परिणामों ने आगामी विधानसभा चुनाव में यूडीएफ और राजग के बीच मुकाबले की नींव रखी है।
राजीव चंद्रशेखर ने लगाया भ्रष्टाचार का आरोप
भाजपा नेता ने वामपंथी दलों और कांग्रेस दोनों पर निशाना साधते हुए भ्रष्टाचार और शासन में विफलता का आरोप लगाया। कहा कि हमने हमेशा भ्रष्टाचार और कुप्रशासन के लिए एलडीएफ पर हमले किए हैं, जबकि कांग्रेस कई राज्यों में माकपा के साथ गठबंधन में है। इसलिए उसे जनता को गुमराह नहीं करना चाहिए।