नालंदा में महिला से बदसलूकी के मामले में कार्रवाई: पुलिस ने 6 और उपद्रवियों को गिरफ्तार किया, कुल गिरफ्तारी संख्या 8 हुई…

नूरसराय थाना क्षेत्र में विवाहिता महिला के साथ छेड़खानी व अभद्र व्यवहार के मामले में नालंदा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अब तक कुल आठ आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने न सिर्फ नामजद बल्कि वीडियो के आधार पर पहचान किए गए अन्य आरोपियों को भी दबोचा है।

एसपी भारत सोनी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज होते ही नामजद अभियुक्त अशोक यादव और मतलू उर्फ नवनीत कुमार को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था।

इसके बाद अनुसंधान के दौरान घटना से संबंधित वीडियो सामने आया, जिसके आधार पर अन्य संलिप्त लोगों की पहचान की गई।

छह अप्राथमिक अभियुक्त गिरफ्तार

वीडियो के अवलोकन के बाद पुलिस ने छह अप्राथमिक अभियुक्त रंजन कुमार (20 वर्ष), सचिन कुमार (39 वर्ष), दशरथ चौधरी, शैलेश कुमार (32 वर्ष), डोमन पासवान (25 वर्ष) और सोनू कुमार को गिरफ्तार किया है।

अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

एसपी ने बताया कि पीड़िता को सुरक्षा मुहैया करा दी गई है। उन्होंने यह भी कहा कि वीडियो में एक महिला भी दिख रही है, जो भीड़ को उकसा रही थी। उसकी पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

भीड़ का हिस्सा बनकर वीडियो बनाने वाले भी दोषी

उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि दोषी केवल अपराध करने वाले ही नहीं, बल्कि भीड़ का हिस्सा बनकर वीडियो बनाने और उसे प्रसारित करने वाले भी हैं। पहली बार इस तरह भीड़ की भूमिका पर कार्रवाई कर नालंदा पुलिस ने अपनी मंशा स्पष्ट कर दी है।

एसपी भारत सोनी ने यह भी कहा कि घटना से संबंधित वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करना गंभीर अपराध है और यह सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 (आईटी एक्ट) का उल्लंघन है।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी आपत्तिजनक या संवेदनशील वीडियो को शेयर, फॉरवर्ड या प्रसारित न करें। ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि इस तरह की सामग्री का प्रसारण पीड़िता की निजता का उल्लंघन है, जो कानूनन दंडनीय अपराध है। फिलहाल पुलिस अन्य संलिप्त लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *