INS विक्रांत पर PM मोदी ने बताया, ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान कैसे हुआ था घुटने टेकने पर मजबूर…

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हर साल की तरह इस साल भी सैनिकों के बीच दिवाली मनाने पहुंचे हैं। इस बार उन्होंने गोवा और कारवार के तट पर INS विक्रांत पर तैनात नौसैनिकों के साथ बीती शाम दिवाली का त्योहार मनाया और आज उन जवानों को संबोधित किया।

इस दौरान उन्होंने कहा कि वीरों के बीच दिवाली मनाना सौभाग्य की बात है। नौसैनिकों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि इस साल स्वदेशी विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत पर नौसेना कर्मियों के बीच दिवाली मनाकर वह खुद को सौभाग्यशाली महसूस कर रहे हैं।

पीएम ने कहा, “मुझे परिवार के सदस्यों के साथ दिवाली मनाने की आदत है, आप मेरा परिवार हैं और मैं आपके बीच हूं।”

सैनिकों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने INS विक्रांत के शौर्य और पराक्रम की खूब प्रशंसा की और कहा कि विक्रांत आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। प्रधानमंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान विक्रांत ने पाक की नींद उड़ा दी थी।

उन्होंने कहा कि INS विक्रांत का पराक्रम देख दुश्मन देश ने घुटने टेक दिए थे। पीएम ने जवानों से कहा कि भारत का पहला स्वदेशी विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत भारत के सशस्त्र बलों की क्षमता को दर्शाता है, इसने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान कुछ ही दिनों में पाकिस्तान को घुटनों पर ला दिया था।

प्रधानमंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान तीनों सेनाओं के बीच असाधारण समन्वय ने पाकिस्तान को इतनी जल्दी घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया था।

INS विक्रांत परिश्रम, प्रतिभा, प्रभाव और प्रतिबद्धता का प्रमाण

बता दें कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान अरब सागर में तैनात INS विक्रांत पाकिस्तान पर हमले की तैयारी में था, तभी पाकिस्तान के डीजीएमओ ने सीजफायर की गुहार लगाई थी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आईएनएस विक्रांत सिर्फ युद्धपोत नहीं है, यह 21वीं सदी के भारत के कठिन परिश्रम, प्रतिभा, प्रभाव और प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

ब्रह्मोस से अब कुछ लोगों के मन में डर

सैन्य क्षेत्र में भारत की बढ़ती ताकत के बारे में बताते हुए पीएम मोदी ने कहा कि वर्ष 2014 से अब तक हमारे शिपयार्ड द्वारा 40 से अधिक युद्धपोत और पनडुब्बियां बनाई गई हैं।

उन्होंने पाकिस्तान का नाम लिए बिना कहा कि ब्रह्मोस नाम से अब कुछ लोगों के मन में डर पैदा हो रहा है, लेकिन दूसरी तरफ कई देश इन मिसाइलों को खरीदने को इच्छुक हैं।

उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य भारत को दुनिया के शीर्ष रक्षा उत्पाद निर्यातकों में से एक बनाना है।

7 मई को शुरू हुआ था ऑपरेशन सिंदूर

7 मई को भारतीय सेना ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए घातक आतंकी हमले के जवाब में ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) और पाकिस्तान के अंदर कई आतंकी बुनियादी ढांचे स्थलों को नेस्तनाबूद कर दिया था।

इसके बाद चार दिनों तक दोनों देशों के बीच सैन्य झड़प हुई थी। बाद में पाकिस्तान के अनुरोध पर सीजफायर का ऐलान किया गया था। इन चार दिनों में भारतीय वायु सेना ने पाकिस्तान के कई लड़ाकू विमानों को जमींदोज और कई एयरबेस को तबाह कर दिए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *