प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को असम के गोगामुख में एक चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पिछले 10 सालों में भाजपा सरकार के अंतर्गत असम में हुए विकास कार्यों की सराहना की। पीएम मोदी ने कहा कि जनता के आशीर्वाद से भाजपा इस बार जीत की हैट्रिक लगाएगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “भाजपा के 10 साल के शासन ने असम में ‘सेवा’ और ‘सुशासन’ के एक नए दौर की शुरुआत की है। पिछले 10 सालों में असम में 22 लाख से ज्यादा गरीब परिवारों को पक्के घर दिए गए हैं। भाजपा समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करेगी और असम की पहचान की रक्षा के लिए आदिवासियों के हितों की सुरक्षा करेगी। सुबनसिरी जलविद्युत परियोजना असम को बाढ़ से बचाएगी।”
‘इस बार भाजपा की हैट्रिक पक्की है’
पीएम नरेंद्र मोदी ने आगे कहा, “हर कोई कह रहा है कि असम में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर सिर्फ भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए ही बना सकता है। असम के चुनाव की घोषणा के बाद ये मेरी पहली जनसभा है। ये जो सामने जनसमुद्र है, युवाओं का ये उत्साह, बहनों-बेटियों का ये आशीर्वाद, ये प्यार इस बात की खुली घोषणा है कि इस बार हैट्रिक पक्की है।”
उन्होंने कहा, “आप सबके आशीर्वाद से मुझे प्रधानमंत्री के रूप में हैट्रिक बनाने का अवसर मिला। आप सबके आशीर्वाद से इस मैदान में भी हैट्रिक लगाने का अवसर मिला है, मैं यहां तीसरी बार आया हूं। और आपके आशीर्वाद से असम में सरकार भी हैट्रिक बनाने वाली है।”
पीएम मोदी का कांग्रेस पर हमला
इस दौरान प्रधानमंत्री ने कांग्रेस और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर भी हमला किया। उन्होंने कहा, “पहले सर्वानंद सोनोवाल का नेतृत्व और फिर हिमंता बिस्वा सरमा की अगुवाई में असम ने बीते 10 वर्षों में सेवा और सुशासन का नया दौर देखा है। असम के ये चुनाव विकसित असम से विकसित भारत बनाने का चुनाव है। इस बार भाजपा-एनडीए सरकार की हैट्रिक लगनी तय है और कांग्रेस की पराजय की हैट्रिक भी तय है। कांग्रेस के स्वघोषित राजकुमार की पराजय की सेंचुरी लगने वाली है।”
उन्होंने आगे कहा, “असम को प्रकृति ने बहुत कुछ दिया है, असम के पास संसाधनों की कभी कमी नहीं रही है लेकिन कांग्रेस ने सत्ता के लिए असम के समाज को भी बांटा और ब्रह्मपुत्र के दो किनारों को भी कभी जुड़ने नहीं दिया। कांग्रेस ने 60-65 साल में ब्रह्मपुत्र पर सिर्फ 3 ही पुल बनाए। पुलों के अभाव में कितने ही लोगों को हमें खोना पड़ा। कांग्रेस के लिए हमेशा पावर पॉलिटिक्स और अपना परिवार ही फर्स्ट रहा है। दिल्ली में एक परिवार और एक परिवार यहां भी है। कांग्रेस के लिए इन्हीं परिवारों का हित सर्वोपरि है। कांग्रेस ने दशकों तक सरकारें चलाई हैं, लेकिन आप लोगों के स्वास्थ्य पर बिल्कुल ध्यान नहीं दिया।”
कांग्रेस पर हमला जारी रखते हुए पीएम ने आगे कहा, “आज असम की जनता के सामने मैं कांग्रेस की एक चाल का पर्दाफाश करना चाहता हूं। 2014 के चुनाव से पहले कांग्रेस की केंद्र सरकार ने एक कम्युनल वायलेंस कानून बनाने का प्रयास किया था। इसका मकसद था अपने पक्के वोटबैंक का तुष्टिकरण। इस बिल में बहुसंख्यकों को दंगे के लिए जिम्मेदार माना गया था और धार्मिक अल्पसंख्यकों को पीड़ित मान लिया गया था। ये बिल अपने आप में सांप्रदायिक था, इसलिए भाजपा-एनडीए ने संसद में ये कानून नहीं बनने दिया।”
उन्होंने आगे कहा, “अब 12 साल बाद कांग्रेस… यहां असम में भी उसी तरह का कानून बनाने की घोषणा कर रही है और ये कोई मेरा आरोप नहीं है… खुद कांग्रेस के नेता खुलेआम ये घोषणाएं कर रहे हैं। ये एकदम साफ है कि कांग्रेस अब सत्ता पाने के लिए कुछ भी कर सकती है। कांग्रेस असम में विदेशियों को बसाना चाहती है और यहां की मूल संतानों को अल्पसंख्यक बनाना चाहती है। भाजपा-एनडीए सरकार… किसानों, आदिवासियों और हमारे जंगल की जमीन को घुसपैठियों के कब्जे में नहीं रहने देगी। अवैध कब्जे के खिलाफ, सरकार की कार्रवाई जारी रहेगी। असमिया शान और पहचान बनी रहेगी… ये मोदी की गारंटी है।”
पीएम मोदी ने और क्या कहा?
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “एक समय था, जब दुनिया में असम की चर्चा चाय के लिए होती थी। अब असम को दुनिया, चाय के साथ-साथ चिप से भी पहचानेगी। वो दिन दूर नहीं, जब असम के सेमीकंडक्टर प्लांट से चिप का उत्पादन शुरू हो जाएगा। ये असम को आधुनिक टेक्नोलॉजी के एक बहुत बड़े हब के रूप में विकसित करेगा।
आने वाले समय में फोन हों, गाड़ियां हों, टीवी, फ्रिज हों, ये सभी सामान असम की चिप से ही चलने वाले हैं। यही विकसित असम का हमारा रोडमैप है। मैं आपको भरोसा देता हूं कि आप यहां फिर से भाजपा सरकार बनाइए, असम का और तेजी से विकास होगा और ये आपको मोदी की गारंटी है!”