अन्नाद्रमुक के साथ सीट शेयरिंग पर आज अहम बैठक, पीयूष गोयल करेंगे तमिलनाडु दौरा…

अन्नाद्रमुक के महासचिव ईके पलानीस्वामी ने शुक्रवार को कहा कि 23 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए उनकी पार्टी भाजपा और राजग के अन्य घटक दलों के साथ सीट बंटवारे को अंतिम रूप देगी तथा दलों को आवंटित निर्वाचन क्षेत्रों की औपचारिक घोषणा चार दिन में कर देगी।

पलानीस्वामी ने गुरुवार की रात केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से उनके आवास पर मुलाकात की थी। अन्नाद्रमुक प्रमुख ने कहा कि शाह के साथ उनकी बैठक सौहार्दपूर्ण रही और दोनों ने तमिलनाडु के राजनीतिक परिदृश्य पर चर्चा की।

उन्होंने बातचीत में किसी भी तरह की समस्या से इन्कार करते हुए कहा कि इसका सौहार्दपूर्ण समाधान निकल जाएगा। तमिलनाडु में राजग का नेतृत्व अन्नाद्रमुक कर रही है। इसके घटक दलों में भाजपा, एएमएमके और पीएमके शामिल हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री ने चेन्नई रवाना होने से पहले कहा कि आपको चार दिन में सब पता चल जाएगा। हम आवंटित निर्वाचन क्षेत्रों के संबंध में घोषणा करेंगे। यहां बातचीत द्रमुक गठबंधन की तरह नहीं है। हमारी बातचीत सुचारू और पूरी तरह व्यवस्थित होगी। हमारा उद्देश्य अपने सहयोगियों को वे सीट आवंटित करना है, जहां उनके जीतने की अच्छी संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की तमिलनाडु इकाई के प्रभारी पीयूष गोयल बातचीत के लिए शनिवार को राज्य का दौरा करेंगे।

पलानीस्वामी ने विजय की पार्टी टीवीके के साथ गठबंधन को मीडिया की अटकल करार देते हुए कहा, ‘मैं अन्नाद्रमुक महासचिव के रूप में कहता रहा हूं कि हमने टीवीके के साथ बातचीत नहीं की है। आप इस मुद्दे को बार-बार क्यों उठाते रहते हैं।’

उन्होंने कहा किसी नए दल के राजग में शामिल होने की संभावना नहीं है क्योंकि गठबंधन तय हो चुका है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पार्टी का चुनावी घोषणापत्र एक सप्ताह में जारी किया जाएगा।

दिल्ली में सीट बंटवारे पर द्रमुक ने पलानीस्वामी पर निशाना साधा
तमिलनाडु में सत्ताधारी द्रमुक ने अन्नाद्रमुक के प्रमुख ईके पलानीस्वामी पर दिल्ली में भाजपा के साथ सीट बंटवारे की बातचीत करने के लिए निशाना साधा और कहा कि यह अभूतपूर्व था क्योंकि विपक्षी पार्टी तमिलनाडु में राजग का नेतृत्व कर रही थी।

द्रमुक नेता और राज्य मंत्री केएन नेहरू ने तंज कसते हुए अन्नाद्रमुक से राज्य में अपने मुख्यालय को बंद करने को कहा और आश्चर्य व्यक्त किया कि गठबंधन का नेतृत्व कर रही अन्नाद्रमुक दिल्ली में सीट बंटवारे की वार्ता कैसे कर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *