संसद अपडेट: ‘ट्रांसजेंडर’ की स्पष्ट और उपयुक्त परिभाषा तय करने के लिए Lok Sabha में विधेयक पेश; Bangladesh में हिंदुओं के खिलाफ रिकॉर्ड हिंसा का मुद्दा भी उठा…

‘ट्रांसजेंडर’ शब्द की उपयुक्त परिभाषा देने और इस वर्ग के लोगों को नुकसान पहुंचाने के मामले में सजा के प्रावधान वाला एक विधेयक शुक्रवार को लोकसभा में पेश किया गया।

ट्रांसजेंडर व्यक्ति (अधिकारों का संरक्षण) संशोधन बिल सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री वीरेंद्र कुमार ने पेश किया।

विधेयक में कहा गया है कि ट्रांसजेंडर व्यक्तियों की सही पहचान करना और उनकी सुरक्षा के लिए एक उपयुक्त परिभाषा देना जरूरी है ताकि उन्हें मौजूदा कानून का लाभ मिल सके।

इसमें कहा गया है कि मौजूदा कानून के तहत दी जाने वाली सुरक्षा और फायदे बहुत व्यापक हैं।

इसलिए इस बात का ध्यान रखना होगा कि ऐसी पहचान किसी व्यक्ति की किसी खासियत या निजी पसंद या स्वयं की बताई गई पहचान के आधार पर नहीं दी जा सकती।

बांग्लादेश में अगस्त 2024 से फरवरी 2026 तक अल्पसंख्यकों के खिलाफ 3,100 हिंसक घटनाएं सरकार ने राज्यसभा को बताया कि मानवाधिकार संगठनों के अनुसार, बांग्लादेश में अगस्त 2024 से फरवरी 2026 तक हिंदुओं और अन्य अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा की लगभग 3,100 घटनाएं हुई हैं।

विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने गुरुवार को प्रश्न के लिखित उत्तर में यह भी कहा कि भारत सरकार बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के खिलाफ हमलों की घटनाओं पर लगातार नजर रखती है, जिनमें उनके घरों, संपत्तियों और पूजा स्थलों पर हमले शामिल हैं।

उन्होंने कहा, भारत ने प्रासंगिक अवसरों पर, यहां तक कि उच्चतम स्तर पर भी, बांग्लादेश के अधिकारियों के समक्ष अल्पसंख्यकों की सुरक्षा का मुद्दा लगातार उठाया है।

इस मुद्दे पर विदेशी वार्ताकारों के साथ भी चर्चा की गई है। भारत सरकार को यह उम्मीद है कि बांग्लादेश सरकार इन घटनाओं की पूरी तरह से जांच करेगी और अल्पसंख्यकों के खिलाफ हत्या, आगजनी और हिंसा के सभी दोषियों को न्याय के कटघरे में लाएगी।

विदेश राज्य मंत्री ने कहा, बांग्लादेश के सभी नागरिकों, जिनमें अल्पसंख्यक भी शामिल हैं, के जीवन और स्वतंत्रता की रक्षा की प्राथमिक जिम्मेदारी बांग्लादेश सरकार की है।

बांग्लादेश में भारतीय दूतावास सुनिश्चित करते हैं कि संकट में फंसे भारतीय नागरिकों को तुरंत सहायता मिले।

बांग्लादेश में भारतीय दूतावास सातों दिन, चौबिसों घंटे (2437) की आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर के माध्यम से बांग्लादेश में सभी भारतीय नागरिकों के लिए सुलभ है।

ढाका स्थित भारतीय दूतावास में भारतीयों की शिकायतों और चिंताओं के समाधान के लिए कांसुलर अधिकारी है। दूतावास नियमित रूप से भारतीय समुदाय के सदस्यों से संपर्क करके उनकी चिंताओं का समाधान करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *