पाकिस्तान के कराची से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। शहर के डिफेंस हाउसिंग अथॉरिटी (डीएचए) में सड़क किराने विज्ञापन के लिए लगीं डिजिटल स्क्रीन पर अश्लील वीडियो चला दिए गए।
जब मामले को लेकर लोगों को गुस्सा भड़का तो पुलिस ने संदिग्धों के खिलाफ केस दर्ज किया। मामले में एक को गिरफ्तार भी किया गया है।
पाकिस्तानी अखबार डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, कराची के साउथ डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल सैयद असद रजा ने इस बात की पुष्टि की है।
अधिकारियों ने बताया कि एहतियात के तौर पर डीएचए की दूसरी मुख्य सड़कों के साथ-साथ शाहराह-ए-फैसल और कारसाज रोड पर लगी डिजिटल स्क्रीन को कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया था।
पुलिस ने क्या बताया?
असद रजा ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने एक कंपनी के कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। उसने बताया, “उसके मोबाइल फोन में पहले से मौजूद एक दूसरा वीडियो गलती से स्क्रीन पर चल गया था।”
रजा ने आगे कहा, “संदिग्ध ने जांचकर्ताओं को यह भी बताया कि कंपनी द्वारा विज्ञापन के मकसद से भेजे गए असली वीडियो उसके मोबाइल फोन में सेव थे।” उन्होंने आगे कहा कि गिरफ्तार संदिग्ध से पूछताछ जारी है।
खंभे पर लगी डिजिटल स्क्रीन पर चला अश्लील वीडियो
यह मामला कंपनी के लीगल एडवाइजर शाकिर अली की शिकायत पर गिजरी पुलिस स्टेशन में पाकिस्तान पीनल कोड की धारा 292 (अश्लील किताबें बेचना) के तहत दर्ज किया गया था।
शिकायत में कहा गया था कि खयाबान-ए-इत्तेहाद पर आयशा मंजिल सिग्नल के पास एक खंभे पर लगी डिजिटल स्क्रीन पर एक गलत वीडियो दिखाया गया था।
कंपनी के ऑपरेशंस डायरेक्टर ने बुधवार सुबह 9:37 बजे अली को फोन पर बताया कि स्क्रीन पर एक अश्लील वीडियो चल रहा है। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह खुद साइट पर गए और स्क्रीन बंद करवा दी।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि कंपनी के मैनेजमेंट को शक है कि एक या ज्यादा कर्मचारियों ने सिस्टम में बिना इजाजत के एक्सेस किया और कंपनी को बदनाम करने के इरादे से वीडियो चलाया।