बरौनी प्रखंड स्थित बियाडा परिसर में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि आज भी नीतीश और कल भी नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में ही बिहार आगे बढ़ता रहेगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य में सामाजिक न्याय को मजबूत किया गया और अराजकता के माहौल को समाप्त किया गया।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि करीब 20 वर्ष पहले बेगूसराय से पटना जाने में लोगों को लगभग पांच घंटे का समय लगता था, जबकि अब बेहतर सड़कों और आधारभूत संरचना के विकास के कारण लोग महज एक से डेढ़ घंटे में पटना पहुंच जा रहे हैं।
जल्द ही एरोड्रम का निर्माण
उन्होंने कहा कि यह विकास कार्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने यह भी कहा कि बेगूसराय में जल्द ही एरोड्रम का निर्माण कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र के विकास को और गति मिलेगी।
बेगूसराय में लंबे समय से बंद पड़े खाद कारखाना सहित कई उद्योगों को फिर से चालू कराया गया है। इसके साथ ही राज्य सरकार बिहार को औद्योगिक रूप से समृद्ध बनाने के लिए लगातार नए उद्योग लगाने पर जोर दे रही है।
अब कानून का राज
वहीं, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि वर्ष 2005 में बिहार में सुशासन स्थापित करने की जिम्मेदारी मिली थी, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में सफलतापूर्वक पूरा किया गया। उन्होंने कहा कि राज्य में पहले भ्रष्टाचार और अपराध का माहौल था, लेकिन अब कानून का राज स्थापित हो चुका है।
उन्होंने कहा कि बिहार की जनता लगातार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जनादेश देती आ रही है। वर्ष 2025 के चुनाव में भी एनडीए को बड़ा जनादेश मिला है। उन्होंने कहा कि एनडीए की सरकार हमेशा स्वच्छ छवि वाले नेतृत्व को आगे बढ़ाने का काम करती रही है।
लगातार कर रहे यात्रा
बिहार सरकार के मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जब से राज्य की बागडोर संभाले हुए हैं, तब से लगातार यात्रा कर बिहार के विकास को गति दे रहे हैं।
न्याय के साथ विकास की यात्रा से शुरू हुआ यह अभियान अब बिहार की समृद्धि यात्रा के रूप में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा बिहार और बिहारवासियों को समृद्ध बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
जनसंवाद कार्यक्रम को मंत्री संजय कुमार, सुरेंद्र मेहता, विधायक रजनीश कुमार, अभिषेक कुमार तथा विधान पार्षद सर्वेश कुमार समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया।