ईरान के साथ युद्धविराम लागू होने और इजरायल में आपातकाल हटने के बाद प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के खिलाफ चल रहे बहुचर्चित भ्रष्टाचार मामले की सुनवाई रविवार से फिर शुरू होगी।
इजरायली अदालतों के प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि न्यायिक व्यवस्था सामान्य होने के साथ अदालतें रविवार से बुधवार तक नियमित रूप से कार्य करेंगी।ईरान के साथ संघर्ष के दौरान लगाए गए आपातकाल के कारण स्कूल, कार्यस्थल और अदालतों की गतिविधियां सीमित कर दी गई थीं।
बुधवार रात आपातकाल हटाया गया, क्योंकि तड़के तीन बजे के बाद ईरान की ओर से कोई नई मिसाइल या ड्रोन हमला दर्ज नहीं हुआ। हालांकि, लेबनान में ईरान समर्थित हिजबुल्ला की मौजूदगी को लेकर इजरायल के नए हमलों ने युद्धविराम की स्थिरता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
नेतन्याहू पर चल रहा मुकदमा
2019 से नेतन्याहू पर चल रहा मुकदमा नेतन्याहू 2019 में रिश्वत, धोखाधड़ी और विश्वासघात के आरोपों में अभियुक्त बनाए गए थे। 2020 में शुरू हुआ यह मुकदमा अब तक कई बार टल चुका है। वह आरोपों से लगातार इन्कार करते रहे हैं।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने भी इजरायल के राष्ट्रपति आइजक हर्जोग से उन्हें क्षमादान देने की मांग का समर्थन किया है, हालांकि इजरायली परंपरा में मुकदमे के बीच क्षमादान विरल माना जाता है।विश्लेषकों के अनुसार, भ्रष्टाचार आरोपों और अक्टूबर 2023 के हमास हमलों के बाद नेतन्याहू की राजनीतिक स्थिति कमजोर हुई है। अक्टूबर में प्रस्तावित चुनावों में उनकी दक्षिणपंथी गठबंधन सरकार को कड़ी चुनौती मिल सकती है।