नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उनकी लंबी राजनीतिक यात्रा की सराहना करते हुए नए कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
इस पर जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा कि प्रधानमंत्री के मन में हमेशा से नीतीश कुमार के प्रति विशेष सम्मान रहा है।
उन्होंने कहा कि जब दोनों दल साथ नहीं भी थे, तब भी प्रधानमंत्री ने नीतीश कुमार के काम करने के तरीके और बिहार में किए गए बदलावों की खुलकर सराहना की है।
प्रधानमंत्री का नीतीश के प्रति व्यक्तिगत सम्मान
संजय झा ने कहा कि जब भी उनकी मुलाकात प्रधानमंत्री से हुई, उनके भाव में यह सम्मान स्पष्ट नजर आया। प्रधानमंत्री ने नीतीश कुमार के पूरे राजनीतिक जीवन को ध्यान में रखते हुए ही अपनी शुभकामनाएं दी हैं।
वहीं, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के उस बयान पर, जिसमें उन्होंने पूछा था कि क्या नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री पद की शपथ ली है जो इतनी चर्चा हो रही है, संजय झा ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जनता ने हाल के चुनाव में ही बता दिया है कि तेजस्वी यादव की स्थिति क्या है।
नीतीश के मार्गदर्शन में ही चलेगी सरकार
संजय झा ने यह भी स्पष्ट किया कि भले ही नीतीश कुमार अब राज्यसभा में होंगे, लेकिन बिहार में बनने वाली नई सरकार उनके ही मार्गदर्शन में काम करेगी।
दिल्ली में रहते हुए भी वे बिहार के हितों पर नजर बनाए रखेंगे और राज्य की राजनीति के सर्वमान्य नेता बने रहेंगे।
इस दौरान उन्होंने सुशील कुमार मोदी के साथ नीतीश कुमार की पुरानी जोड़ी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 2005 से बिहार में सरकार नीतीश कुमार के नेतृत्व में चल रही है और 2025-30 की अवधि में बनने वाली सरकार भी उनके मार्गदर्शन में ही आगे बढ़ेगी।