बहादराबाद पुलिस ने करीब पांच माह पुराने महिला की संदिग्ध मौत के मामले का सनसनीखेज खुलासा करते हुए उसके पति को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि पत्नी की बीमारी से परेशान पति ने इलाज के बहाने पानी में जहरीला पदार्थ मिलाकर उसे पिला दिया था, जिससे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की रिपोर्ट में जहरीले पदार्थ से मौत की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया।
उपचार के दौरान पत्नी की हो गई थी मौत
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत इस मामले की विवेचना बहादराबाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने स्वयं की।
पुलिस के अनुसार चार फरवरी 2026 को ग्राम मरगूबपुर निवासी मोहम्मद अनीश ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी बहन को उसके पति अफजाल ने इलाज के बहाने पानी में जहर मिलाकर पिला दिया, जिसके बाद उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण कर फील्ड यूनिट ने भौतिक साक्ष्य जुटाए, जबकि पोस्टमार्टम के बाद मृतका का बिसरा जांच के लिए एफएसएल भेजा गया। जांच रिपोर्ट आने पर मृतका की मौत जहरीले पदार्थ के सेवन से होना प्रमाणित हुआ। इसके बाद विवेचना में जुटाए गए वैज्ञानिक साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति की भूमिका स्पष्ट होने पर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए।
पुलिस के अनुसार आरोपी अफजाल गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार चल रहा था। शनिवार को सूचना मिली कि वह क्षेत्र छोड़कर भागने की फिराक में बढ़ेड़ी राजपूतान हाईवे पुल के पास मौजूद है। इस पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अपनी पत्नी की बीमारी से परेशान था। इसी कारण उसने उसे जहरीला पदार्थ देकर मौत के घाट उतारने की साजिश रची। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर दिया।