डीआईजी कलानिधि नैथानी ने नवरात्र और दशहरा को लेकर मेरठ रेंज के सभी चार जिले मेरठ, बुलंदशहर, बागपत और हापुड़ में हाई अलर्ट किया है। चारों जिलों में 109 स्थानों को हॉटस्पॉट-संवेदनशील घोषित किया है।
इन पर नजर रखने को 24 जोन, 81 सेक्टर में बांटकर 61 क्यूआरटी टीम लगाने के निर्देश दिए हैं।
डीआईजी ने शनिवार को नवरात्र और दशहरा पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मेरठ रेंज में पुलिस-व्यवस्था की जानकारी दी। कुल 4699 पुलिसकर्मियों को तैनात किया है।
सात अपर पुलिस अधीक्षक, 25 सीओ, 92 निरीक्षक, 705 उप निरीक्षक, 1370 मुख्य आरक्षी, 1645 आरक्षी, 855 होमगार्ड-पीआरडी और दो कंपनी पीएसी को लगाया है।
यह प्लान 22 सितंबर से व 2 अक्टूबर को दशहरा पर्व पर मेरठ सर्किल के चार जिलों में शांति-सुरक्षा बनाए रखने के लिए जारी किया है।
विभिन्न समितियों और विभागों के साथ समन्वय
डीआईजी ने बताया पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाने को आयोजकों, पीस कमेटी, धर्मगुरुओं और संभ्रांत लोगों के साथ 123 बैठक आयोजित की हैं।
इसके अलावा, नगर निगम, नगरपालिका, स्वास्थ्य और विद्युत विभाग जैसे अन्य विभागों के साथ 113 बैठक की गई हैं।
347 शोभायात्रा, 110 स्थानों पर होगा रावण दहन
डीआईजी के अनुसार मेरठ रेंज में कुल 347 शोभायात्राएं निकाली जाएंगी और 26 दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। 102 मेले-रामलीला मंचन और 110 जगह रावण दहन के कार्यक्रम होंगे।
मेरठ में 51, बुलंदशहर में 208, बागपत में 36 और हापुड़ में 52 शोभायात्राएं निकाली जाएंगी। दशहरे पर मेरठ में 10 तीन स्थानों पर प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। मेरठ जिले में 31 स्थानों पर रामलीला मंचन और 32 स्थानों पर रावण दहन होगा।
बुलंदशहर में 45 स्थानों पर रामलीला मंचन, 53 स्थानों पर रावण दहन, बागपत में 15 स्थानों पर रामलीला मंचन और 12 स्थानों पर रावण दहन, हापुड़ में 11 स्थानों पर रामलीला मंचन और 13 स्थानों पर रावण दहन होगा।