मिस वर्ल्ड 2025 बनीं थाईलैंड की ओपल सुचाता, रचा इतिहास…

थाईलैंड की ओपल सुचाता ने 72वां मिस वर्ल्ड खिताब अपने नाम किया है। उन्हें 2024 की मिस वर्ल्ड क्रिस्टीना पिस्जकोवा ने शनिवार को ताज पहनाया।

इस ऐतिहासिक जीत ने थाईलैंड को पहली बार मिस वर्ल्ड का खिताब दिलाया। इस तरह सुचाता ने अपना और अपने देश का नाम दुनिया भर में रोशन किया है।

ओपल सुचाता इंटरनेशल रिलेशन्स की छात्रा और मॉडल हैं। उन्होंने फिनाले में एक शानदार गाउन पहना, जिसने उनकी खूबसूरती और आत्मविश्वास को और निखारा।

विजेता ओपल मनोविज्ञान और मानव विज्ञान में रुचि रखती हैं और वह राजदूत बनना चाहती हैं। उन्होंने स्तन कैंसर के क्षेत्र में काम करने वाले संगठनों के लिए स्वयंसेवी के तौर पर काम किया है।

मिस वर्ल्ड वेबसाइट के अनुसार, ओपल को उकेलेले (वाद्य यंत्र) बजाने में भी महारत हासिल है। उनके पास 16 बिल्लियां और 5 कुत्ते हैं।

मिस वर्ल्ड की अध्यक्ष जूलिया मोर्ले सीबीई ने जूरी का नेतृत्व किया और 72वीं मिस वर्ल्ड की विजेता की घोषणा की। इथियोपिया की हासेट डेरेजे एडमसु को मिस वर्ल्ड 2025 का उपविजेता घोषित किया गया।

तेलंगाना में एक महीने तक अलग-अलग गतिविधियों और सांस्कृतिक मिलन के कार्यक्रम हुए। इसके बाद, दुनिया भर से पहुंची 108 प्रतिभागियों ने विश्व सौंदर्य प्रतियोगिता में मिस वर्ल्ड का ताज जीतने के लिए प्रतिस्पर्धा की।

भारत की नंदिनी गुप्ता कहां तक पहुंचीं

भारत की नंदिनी गुप्ता 72वीं मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में टॉप 8 में जगह बनाने से पहले ही शनिवार को बाहर हो गईं। गुप्ता अगर यह प्रतियोगिता जीत जातीं तो वह विश्व सुंदरी का खिताब हासिल करने वाली देश की 7वीं हस्ती होतीं।

साल 2017 में मानुषी छिल्लर के सिर पर यह ताज सजा था। भारत की पहली मिस वर्ल्ड रीता फारिया थीं, जिन्होंने 1966 में यह ताज जीता था।

संयोग से वह पहली एशियाई मिस वर्ल्ड भी थीं। ऐश्वर्या राय ने साल 1994 में, डायना हेडन ने 1997, युक्ता मुखी ने 1999 और प्रियंका चोपड़ा ने 2000 में यह खिताब जीता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *