यूपी के कई जिलों में झमाझम बारिश के आसार, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट…

यूपी में सितंबर के महीने में मौसम बार-बार करवट ले रही है। कभी धूप तो कभी बारिश का सिलसिला देखने को मिल रहा है।

ऐसे में एक बार फिर 12 सितंबर से पश्चिम से लेकर पूर्व के तराई इलाकों में झमाझम बारिश होने की संभावना है। गरज-चमक के साथ बौछारें होंगी। साथ ही बिजली गिरने की भी चेतवानी दी गई है।

लखनऊ स्थित मौसम विभाग की मानें तो 12 से लेकर 13 सितंबर की सुबह तक सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, शामली, मुरादाबाद, रामपुर, संभल, बरेली, पीलीभीत,शाहजहांपुर, कासगंज, एटा, फर्रुखाबाद, मैनपुरी, कन्नौज, हरदोई, सीतापुर, लखीमपुर, बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, संत कबीर नगर, महराजगंज, कुशीनगर, गोरखपुर, देवरिया, बलिया, मऊ, आजमगढ़, गाजीपुर, जौनपुर, वाराणसी, चंदौली, मिर्जापुर, सोनभद्र, भदोही, प्रयागराज और आसपास के इलाकों में बारिश की संभावना है।

इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

13 सितंबर को पश्चिमी यूपी के अधिकांश हिस्से शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर, अलीगढ़, संभल, बुलंदशहर, मथुरा में बदरा बरसने की उम्मीद है।

वहीं, 15, 16 और 17 सितंबर को पूर्वी यूपी के कई इलाकों में बारिश के आसार हैं। बारिश का ये दौर विश्वकर्मा पूजा तक जारी रहने की उम्मीद है।

अगर पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान की बात करें तो उरई 36 डिग्री, हमीरपुर, 35.2 डिग्री और प्रयागराज 35.2 का रहा। वहीं न्यूनतम तापमान इटावा 23.8 डिग्री, गोरखपुर 23.9 डिग्री और नजीबाबाद 25 डिग्री रहा।

खतरे के निशान से नीचे आई सरयू नदी, तेज हुई कटान

उधर, बस्ती में सरयू नदी का जलस्तर लगातार कम हो रहा है। जलस्तर कम होने के साथ सरयू नदी ने अपने किनारों पर कटान शुरू कर दिया है। सरयू नदी के रौद्र रूप को देखते हुए किनारे पर बसे गांवों के ग्रामीण सहम गये हैं।

केंद्रीय जल आयोग अयोध्या के अनुसार गुरुवार को नदी का जलस्तर 92.40 मीटर रहा था। यह खतरे के निशान से 33 सेमी नीचे है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *