मेघालय के ईस्ट जयंतिया हिल्स जिले में कोयला खदान में हुए धमाके में मरने वालों की संख्या 30 हो गई है, मंगलवार को अस्पताल में दो और लोगों की मौत हो गई।
दोनों असम के कछार जिले के कटिगोराह के रहने वाले थे, जिनका सिलचर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (SMCH) में इलाज चल रहा था।
दो लोगों और लोगों की मौत
हेल्थ डिपार्टमेंट के अधिकारी के अनुसार, कोयला खदान में धमाके में घायल हुए दो लोगों की सोमवार रात SMCH अस्पताल में मौत हो गई। उनकी पहचान रामचंद्र बैष्णब और निमारुद्दीन के रूप में हुई है। 5 फरवरी की घटना के बाद कुल मिलाकर नौ घायल खनिकों को SMCH में भर्ती कराया गया था।
न्यायिक जांच के आदेश
धमाका मेघालय से सटे म्यंसंगट गांव के दूर थांगस्कू इलाके में गैर-कानूनी रूप से चलाई जा रही कोयला खदान में हुआ था। मेघालय सरकार ने धमाके के हालात का पता लगाने और ज़िम्मेदारी तय करने के लिए घटना की न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं।
असम सरकार ने राज्य के हर मृतक के परिवार को 5 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। इस घटना में अब तक राज्य के कछार ज़िले के कम से कम आठ मज़दूरों की मौत हो चुकी है।