लखनऊ में कर्नाटक के पूर्व डीजीपी के घर बड़ी चोरी, नकदी और जेवरात पर हाथ साफ।…

कर्नाटक के पूर्व डीजीपी महेंद्र कुमार श्रीवास्तव के लखनऊ स्थित अलीगंज स्थित आवास पर बड़ी चोरी हो गई है। चोरों ने कैश और कीमती जेवरात पर हाथ साफ कर दिया है।

चोरी हुए जेवरों में सोने और हीरे के कीमती हार, चेन, टॉप्स, झुमके और बाजूबंद सहित कई आभूषण शामिल है। इसके अलावा सोने के सिक्के भी चोरी हुए हैं। चोरी गए आभूषणों की कीमत लाखों में बताई जा रही है।

इस मामले में पीड़िता की तहरीर पर अलीगंज थाने की पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार डॉ.ऋषिका राज ने एफआईआर दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि कर्नाटक के पूर्व डीजीपी महेंद्र कुमार श्रीवास्तव उनके ममिया ससुर हैं।

वह अपने परिवार के साथ उन्हीं के घर पर रहती हैं। यह घर अलीगंज सेक्टर-जी में है। डॉ.ऋषिका ने बताया कि वह अपने पूरे परिवार के साथ 16 अक्टूबर को सलाला चली गई थीं।

इस दौरान नौकर को घर की देखरेख के लिए कह गई थीं। यह पहले से तय था कि नौकर दीपावली के बाद अपने गांव जाएगा।

मिली जानकारी के अनुसार नौकर दिवाली की पूजा के बाद 21 अक्टूबर को घर पर ताला लगाकर गांव चला गया था। वह 26 अक्टूबर की सुबह घर लौटा। मकान पर पहुंचने पर उसने देखा कि कई ताले टूटे थे।

नौकर को घर का सारा सामान बिखरा हुआ मिला। इसके बाद उसने परिवार के लोगों को घटना के बारे में जानकारी दी। डॉ.ऋषिका राज ने लखनऊ लौटते ही मामले में एफआईआर दर्ज कराई।

उनके मुताबिक अलमारी का ताला टूटा मिला। अलमारी में रखे कैश और गहने चोरी हो गए थे।

ये सामान हुआ है चोरी

लगभग सवा दो लाख रुपये नकद, सोने के आठ कंगन, सोने की ग्यारह चेन, सोने के चार कड़े, सोने के दो लाकेट, सोने के पांच बड़े सेट, हीरे के तीन सेट, सोने के दो बाजूबंद, सोने के चौबीस जोड़ी झुमके-टॉप्स, हीरे के पांच पेन्डेंट सेट और लगभग 40 ग्राम के सोने के सिक्के।

बताया जा रहा है कि चोर, सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर और टीवी बॉक्स भी चोरी कर ले गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *