आपने कई अरबपति बिजनेसमैन की सफलता की कहानियां सुनी होंगी। आज हम आपको दो जुड़वां भाइयों की सफलता की कहानी के बारे में बताएंगे, जिन्होंने अपनी अच्छी-खासी नौकरी छोड़ बिजनेस शुरू किया और अरबपति बन गए। ये दोनों भाई हैं चंडीगढ़ के आलोक कौशिक और अनुराग कौशिक (Alok Kaushik and Anurag Kaushik Success Story)। इस जोड़ी ने केवल 7 सालों में अपने बिजनेस को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया। क्या था उनका आइडिया, आइए जानते हैं।
कैसे बन गए अरबपति?
आलोक और अनुराग दोनों विदेश में नौकरी करते थे, जो अच्छी चल रही थी। मगर उनके मन में कुछ और ही प्लान था। लिहाजा वे अपने देश लौटे और उन्होंने साल 2019 में स्टार्टअप शुरू किया, जिसका नाम है ‘नेचुरल्टेन’ (Naturaltein)।
कैसे आया आइडिया?
ये दोनों भाई जर्मनी में काम करते थे। तब ही उन्होंने वहां के हाई क्वालिटी स्टैंडर्ड्स को देखा और फैसला किया वे इसी तरह के स्टैंडर्ड के साथ भारत में प्रोटीन बेचेंगे। 2019 में स्टार्टअप की शुरुआत की, जिसका टर्नओवर आज 120 करोड़ रुपये है।
घर तक लगा दिया दांव पर
अपना स्टार्टअप शुरू करने और उसे ग्रो करने के लिए कौशिक बंधुओं ने अपना घर तक दांव पर लगा दिया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार उनके प्रोडक्ट की सबसे खास बात ‘जर्मन क्वालिटी’ और कड़ी टेस्टिंग हैं। इतना ही नहीं, उनके प्रोडक्ट कोलोन लिस्ट से भी प्रमाणित हैं।
बता दें कि पहले कौशिक बंधुओं के स्टार्टअप के प्रोडक्ट जर्मनी में ही बनते थे। पर बाद में इन्हें भारत में भी प्रमाणित थर्ड-पार्टी के साथ बनाना शुरू किया गया।
नहीं करते पेड एड
कौशिक भाइयों पेड एड नहीं करते, बल्कि अपनी भरोसे वाली छवि के साथ मार्केटिंग करते हैं। कंपनी 70% से अधिक सेल उन्हीं ऑर्डर के जरिए करती है, जो उनकी वेबसाइट के माध्यम से आते हैं।
कारोबार डबल करने का है टार्गेट
आलोक और अनुराग के स्टार्टअप ने समय के साथ अच्छी ग्रोथ दर्ज की। आंकड़ों पर नजर डालें, तो FY23 में 12 करोड़ रुपये का रेवेन्यू रहा था, जो FY26 तक गुना बढ़कर 120 करोड़ रुपये का हो गया है। साथ ही इसमें 8 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट शामिल है।
अब इन भाइयों का अगला प्लान अपने टर्नओवर को सालाना 230 करोड़ रुपये तक पहुंचाने का है, जो मौजूदा लेवल से करीब दोगुना होगा।