वाइट हाउस के बाहर फायरिंग, सीक्रेट सर्विस की हथियारबंद शख्स से मुठभेड़; जानें कहां थे ट्रंप?…

वॉशिंगटन डीसी में वाइट हाउस के बाहर देर रात गोलीकांड की सनसनीखेज घटना सामने आई है।

जानकारी के अनुसार, अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने हथियारबंद संदिग्ध को गोली मार दी। बताया जा रहा है कि गोलीबारी दोनों पक्षों से हुई।

गनीमत यह रही कि घटना के समय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप फ्लोरिडा में थे। आरोपी जिंदा है या नहीं? इसका पता अभी चल पाया है। घटना के बाद वाइट हाउस के बाहर सुरक्षा और बढ़ा दी गई है।

जानकारी मिली है कि अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों को घटना से एक दिन पहले शनिवार को टिप मिली थी कि एक व्यक्ति इंडियाना से वाशिंगटन डीसी वाइट हाउस पहुंच सकता है। उसके पास हथियार होने की भी सूचना थी। टिप मिलने के बाद से सुरक्षाकर्मी मुस्तैद थे।

घटना क्या हुई

यह मुठभेड़ वाइट हाउस से एक ब्लॉक दूर, आइजनहावर एग्जीक्यूटिव ऑफिस बिल्डिंग के पश्चिमी हिस्से में हुई। स्थानीय पुलिस ने शनिवार को सीक्रेट सर्विस को सूचित किया था कि एक “आत्मघाती” व्यक्ति इंडियाना से वाशिंगटन की ओर यात्रा कर रहा है।

रविवार आधी रात को सीक्रेट सर्विस एजेंटों ने संदिग्ध व्यक्ति की कार को 17वीं और एफ स्ट्रीट, एनडब्ल्यू के पास खड़ी देखा। इसके बाद, उन्होंने एक व्यक्ति को पैदल चलते हुए देखा, जो दी गई पहचान से मेल खाता था। जब अधिकारी संदिग्ध के पास पहुंचे, तो उसने एक हथियार निकाल लिया और इसके बाद दोनों पक्षों के बीच एक हथियारबंद टकराव हुआ। इस दौरान सीक्रेट सर्विस के कर्मियों ने फायरिंग कर दी।

सीक्रेट सर्विस के बयान के अनुसार, संदिग्ध व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, लेकिन उसकी हालत के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है। सीक्रेट सर्विस के कर्मी इस घटना में सुरक्षित हैं और कोई घायल नहीं हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *