नकली पनीर की ऐसे करें पहचान, जानिए आसान तरीके; मिलावटी खाद्य पदार्थों का हॉटस्पॉट बना NCR…

एनसीआर क्षेत्र इन दिनों मिलावटी खाद्य पदार्थों का बड़ा केंद्र बनता जा रहा है। हाल ही में मेरठ में पकड़े गए नकली व मिलावटी पनीर के मामले ने हापुड़ समेत आसपास के जिलों में संचालित मिलावट के खेल की परतें खोल दी हैं।

घरों की रसोई से लेकर बड़े होटलों व ढाबों तक पहुंचने वाला पनीर अब सिर्फ स्वाद का नहीं, बल्कि लोगों की सेहत का भी बड़ा सवाल बन गया है।

विशेषज्ञों का कहना है कि नकली पनीर में रसायन, सिंथेटिक पदार्थ, डिटर्जेंट व स्टार्च जैसी चीजें मिलाई जाती हैं, जो शरीर के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकती हैं।

कार्रवाई का इंतजार करना पर्याप्त नहीं

डॉक्टरों के अनुसार, लगातार मिलावटी पनीर खाने से पेट संबंधी बीमारियां, फूड प्वाइजनिंग, लीवर व किडनी पर असर, त्वचा रोग व पाचन तंत्र की समस्याएं बढ़ सकती हैं। ऐसे में केवल खाद्य विभाग की कार्रवाई का इंतजार करना पर्याप्त नहीं है।

उपभोक्ताओं को भी जागरूक होकर खुद पनीर की पहचान करनी होगी। अच्छी बात यह है कि कुछ आसान घरेलू प्रयोगों से असली व नकली पनीर की पहचान घर बैठे की जा सकती है।

ऐसे करें असली और नकली पनीर की पहचान

  • मसल कर देखें: पनीर का छोटा टुकड़ा हाथ से मसलें। अगर वह टूटकर बिखरने लगे तो समझिए उसमें मिलावट हो सकती है। मिलावटी पनीर में इस्तेमाल स्किम्ड मिल्क पाउडर दबाव सहन नहीं कर पाता।
  • साफ्टनेस से पहचानें: असली पनीर सामान्य रूप से मुलायम व ताजा लगता है, जबकि नकली या मिलावटी पनीर अधिक सख्त और रबड़ जैसा लगता है।
  • स्वाद और बनावट: अगर खाते समय पनीर रबड़ की तरह खिंच रहा हो या स्वाद कड़वा व अजीब लगे तो सतर्क हो जाएं। असली पनीर हल्की मिठास लिए होता है।
  • उबालकर करें जांच: पनीर को पानी में उबालें। ठंडा होने के बाद उस पर अरहर या सोयाबीन का पाउडर डालें। यदि रंग काला पड़ जाए तो यह मिलावट का संकेत हो सकता है।
  • आयोडीन टेस्ट: पनीर पर आयोडीन टिंचर की कुछ बूंदें डालें। यदि रंग नीला या काला हो जाए तो समझ लें कि उसमें स्टार्च मिलाया गया है।
  • पानी में डालकर चेक करें: सामान्य पानी में पनीर डालकर हिलाएं। यदि झाग बनने लगे तो उसमें डिटर्जेंट जैसी मिलावट हो सकती है।
  • गर्म पानी व गंध से पहचान: गर्म पानी में असली पनीर अपना आकार बनाए रखता है, जबकि नकली पनीर टूटने या घुलने लगता है। इसके अलावा अगर पनीर से दूध जैसी हल्की खुशबू के बजाय तेज रासायनिक गंध आए तो उसे खाने से बचना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *