केरल पुलिस ने साइबर ठग को दबोचा, महिला डॉक्टर को डिजिटल अरेस्ट कर लाखों रुपये ठगने का आरोप…

 देश में तेजी से बढ़ते डिजिटल अरेस्ट साइबर फ्रॉड के एक और मामले में केरल पुलिस ने पंजाब के एक युवक को गिरफ्तार किया है।

आरोपित ने खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर उत्तर केरल के थलास्सेरी की एक महिला डॉक्टर को डराया और उससे 10.5 लाख रुपये की उगाही की।

कन्नूर सिटी साइबर पुलिस के मुताबिक, आरोपित की पहचान जीवन राम (28) के रूप में हुई है, जो लुधियाना का रहने वाला है।

यह घटना 30 नवंबर 2025 की है। पुलिस ने बताया कि ठगों ने डॉक्टर से व्हाट्सएप वीडियो काल के जरिए संपर्क किया और दावा किया कि उसके नाम पर मुंबई में मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज है।

चेक के जरिए निकाली रकम

उसे डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाते हुए कहा गया कि रकम जमा करने पर मामला निपट जाएगा। दबाव में आकर डॉक्टर ने 10 लाख 50 हजार रुपये अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए।

बाद में आरोपित ने यह रकम चेक के जरिए निकाल ली।

डिजिटल अरेस्ट साइबर ठगी का नया तरीका

पुलिस के अनुसार, डिजिटल अरेस्ट साइबर ठगी का नया तरीका है, जिसमें अपराधी खुद को पुलिस, सीबीआइ, कोर्ट या किसी सरकारी एजेंसी का अधिकारी बताकर ऑडियो-वीडियो कॉल पर मानसिक दबाव बनाते हैं और पीड़ित से पैसे ट्रांसफर करा लेते हैं।

पुलिस आयुक्त निधिनराज पी के निर्देश पर कन्नूर सिटी पुलिस ने तकनीकी निगरानी के जरिए आरोपित की लोकेशन ट्रैक की और उसे लुधियाना के एक गांव से गिरफ्तार किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *