ईरान ने इजरायल के हाइफा शहर पर मिसाइल से हमला किया है। इस हमले में इजरायल को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा है। ईरान द्वारा हाइफा शहर पर किए हमले में दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि दो लोग लापता हैं। ईरान के नए हमलों के बाद पूरे मध्य इजरायल में सायरन गूंज रहे हैं।
दरअसल, रविवार को ईरान इजरायल में चार मिसाइलें दागीं, इनमें से एक भारी मिसाइल हाइफा शहर में स्थित एक अपार्टमेंट ब्लॉक पर गिरी, जिससे इमारत का आधा हिस्सा ढह गया। इस दौरान जो हिस्सा खड़ा था, वह भी असंतुलित हो गया, जिससे उसके ढहने का खतरा बढ़ गया और बचाव कार्य और भी मुश्किल हो गया।
दो शव बरामद, दो लोग लापता
राहत बचाव दल पूरी रात काम करते रहे। सोमवार सुबह तक चले बचाव अभियान में मलबे से दो लोगों के शव बरामद किए गए हैं, जबकि दो अन्य अब भी लापता हैं। इजरायली सेना ने ईरान की ओर से दागी गई और मिसाइलों का पता लगाया है, जिसके बाद से मध्य इजरायल में हवाई हमले के सायरन से बज रहे हैं।
हाइफा पर क्यों होता रहता है हमला?
बता दें कि हाइफा उत्तरी इजरायल का तीसरा सबसे बड़ा शहर है, जो भूमध्य सागर के तट पर और माउंट कार्मेल के ढलानों पर स्थित है। हाइफा शहर अपने रणनीतिक महत्व के कारण अक्सर ईरानी मिसाइलों का निशाना बनता रहता है। हाइफा पास के लेबनान से सीमा पार से दागे जाने वाले हिज्बुल्लाह के रॉकेटों की मारक सीमा के भीतर भी आता है।
हाइफा में अपार्टमेंट पर मिसाइल गिरने के बाद राहत बचाव का कार्य चल ही रहा था, तभी ईरान की तरफ से एक और मिसाइल आने की आशंका के चलते एक और मिसाइल अलर्ट जारी किया गया। हालांकि, बाद में उस अलर्ट को हटा लिया गया।
मध्य इजरायल में अलर्ट
वहीं, इससे पहले सोमवार सुबह ईरान की ओर से तीन और मिसाइल आते हुए देखे गए थे, जिसके बाद मध्य इजरायल में अलर्ट जारी कर दिया दिया और इजरायल ने इनमें से ज्यादातर मिसाइलों को बीच में ही रोक दिया, वहीं बाकी मिसाइलें खुले मैदानों में जा गिरीं।