मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें अमेरिकी लड़ाकू विमान F-15 को ईरानी ड्रोन का पीछा करते हुए दिखाया जा रहा है। हालांकि इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है, लेकिन इसे लेकर कई दावे किए जा रहे हैं।
वीडियो में आसमान में एक अमेरिकी F-15 फाइटर जेट को ईरान के शाहेद ड्रोन का पीछा करते हुए देखा जा सकता है। इसके बाद जमीन पर जोरदार धमाका और धुएं का बड़ा गुबार उठता नजर आता है।
सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करने वाले कुछ अकाउंट्स का दावा है कि अमेरिकी जेट कम कीमत वाले ईरानी ड्रोन को रोकने में नाकाम रहा, जिससे इस संघर्ष में नई चिंता बढ़ गई है।
इराक के एरबिल में हमला
बताया जा रहा है कि यह घटना इराक के एरबिल शहर में एक ब्रिटिश कंपनी के मोटर ऑयल प्लांट पर हुए हमले से जुड़ी है। इस हमले में प्लांट में भीषण आग लग गई और आसमान में काला धुआं फैल गया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस प्लांट पर सुबह के समय तीन अलग-अलग ड्रोन से हमला किया गया। यह प्लांट एक ब्रिटिश ब्रांड का था, जिसे सरदार ग्रुप संचालित करता है।
यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब ईरान ने ब्रिटेन के ठिकानों पर हमले की संभावना जताई थी। ईरान के एक वरिष्ठ राजनयिक ने कहा था कि तेहरान इस पर विचार कर रहा है। हालांकि, अभी तक अमेरिका या उसके सहयोगियों ने इस घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, जिससे स्थिति पूरी तरह साफ नहीं है।
इराक में बढ़ता तनाव
इराक लंबे समय से अमेरिका और ईरान के बीच संतुलन बनाए रखने की कोशिश करता रहा है, लेकिन मौजूदा युद्ध ने इस संतुलन को मुश्किल बना दिया है।
फरवरी के अंत से शुरू हुए इस संघर्ष के बाद से इराक में अमेरिकी ठिकानों और ईरान समर्थक समूहों दोनों को निशाना बनाया जा रहा है। इराक सरकार ने कुछ समूहों को आत्मरक्षा में जवाब देने की अनुमति दी है, लेकिन साथ ही यह भी कहा है कि अमेरिकी हितों पर हमला करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
इराक में मौजूद पॉपुलर मोबिलाइजेशन फोर्स के ठिकानों पर भी हमले हुए हैं, जिनका आरोप अमेरिका और इजराइल पर लगाया गया है।
वहीं, ईरान ने उत्तरी इराक के कुर्द इलाके में भी विरोधी समूहों पर हमले किए हैं। इससे साफ है कि यह संघर्ष अब कई मोर्चों पर फैल चुका है और स्थिति लगातार जटिल होती जा रही है।