ईरानी प्रतिनिधिमंडल का वर्दी में स्वागत, वेंस से सूट में मुलाकात; ‘ड्रेस डिप्लोमेसी’ के जरिए आसिम मुनीर का शहबाज को संदेश?…

 पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में शनिवार को अमेरिका और ईरान के बीच शुरू हुई हाई-प्रोफाइल शांति वार्ता के साथ ही कूटनीतिक और सैन्य हलचल चरम पर दिखी।

अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल के स्वागत में पाकिस्तानी नेता नतमस्तक नजर आए। वहीं, ईरानी प्रतिनिधिमंडल का इस्लामाबाद हवाई अड्डे पर भव्य स्वागत किया गया।

बैठक में मुनीर मौजूद

अमेरिकी और ईरानी प्रतिनिधिमंडलों की अगवानी में सेना प्रमुख आसिम मुनीर की प्रमुख मौजूदगी चर्चा में रही।

अलग-अलग मौकों पर उनके अलग परिधान (सिविल सूट और सैन्य वर्दी) को कूटनीतिक संकेतों के तौर पर देखा जा रहा है, जबकि प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ अपेक्षाकृत पीछे नजर आए।

हालांकि, दोनों पक्षों के नेताओं ने पीएम शरीफ से अलग से मुलाकात की। 47 साल पहले यानी 1979 में ईरान की इस्लामिक क्रांति के बाद पहली बार है जब दोनों देश इतने बड़े स्तर पर आमने-सामने बातचीत कर रहे हैं।

एफ-16 एस्कार्ट और भव्य अगवानी रायटर के अनुसार, अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के विमान को पाकिस्तानी वायुसेना के पांच एफ-16 लड़ाकू विमानों ने एस्कार्ट किया।

उनका विमान रावलपिंडी के नूर खान एयरबेस पर उतरा, जहां उप प्रधानमंत्री इशाक डार, सेना प्रमुख फील्ड मार्शल सैयद आसिम मुनीर और गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने अगवानी की। एक बच्चे के हाथों वेंस को गुलदस्ता भेंट कराया गया।

ईरानी प्रतिनिधिमंडल की विशेष तैयारी

एएनआइ के अनुसार, ईरान का प्रतिनिधिमंडल एक दिन पहले तीन विमानों के साथ इस्लामाबाद पहुंचा, जिनमें से दो को सुरक्षा कारणों से लाया जाना बताया गया। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाकर गलीबाफ और विदेश मंत्री अब्बास अराघची कर रहे हैं।

प्रतिनिधिमंडल की अगवानी करने के लिए सेना प्रमुख मुनीर अपनी सैन्य वर्दी में पहुंचे। इसके बाद नेताओं ने पीएम शरीफ से भी मुलाकात की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *