ईरान के सेना प्रमुख ने कड़ी चेतावनी जारी करते हुए कहा कि आइरिस डेना युद्धपोत पर किए गए अमेरिकी हमले का जवाब जरूर दिया जाएगा।
यह हमला उस समय हुआ, जब डेना एक सैन्य अभ्यास से लौट रहा था।
ईरानी सेना के कमांडर-इन-चीफ मेजर जनरल अमीर हतामी ने कहा, ”डेना विध्वंसक पोत के चालक दल ने एक शांतिपूर्ण मिशन पूरा किया था और ईरान लौटते समय उन्हें निशाना बनाया गया। डेना का नाम और उसके चालक दल का बलिदान ईरान के नौसैनिक इतिहास में साहस और समर्पण का प्रतीक बना रहेगा।”
उन्होंने ईरान के दृढ़ संकल्प को दोहराते हुए कहा, ”सेना ईरान की समुद्री सीमाओं की रक्षा करेगी और अपनी नौसैनिक शक्ति को और भी अधिक दृढ़ संकल्प के साथ मजबूत करेगी।”
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाकाई ने उन सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
बताया अंतरराष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन
उन्होंने अमेरिका की इस कार्रवाई को ”युद्ध अपराध” और अंतरराष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन बताया और इस बात पर जोर दिया कि ईरानी लोग इसे नहीं भूलेंगे।
वहीं, ईरान के सशस्त्र बलों के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल अबोलफजल शेखरची ने मुस्लिम देशों के नेताओं को संबोधित करते हुए अमेरिका और जोयोनिस्टों के प्रभाव के खिलाफ एकजुटता का आह्वान किया।
इस्लामी देशों के नेतृत्व से सीधे अपील करते हुए ब्रिगेडियर जनरल ने कहा, ”ईरान और उसके मुस्लिम लोगों पर भरोसा रखें, और आइए अमेरिका और जायोनिस्टों के खिलाफ एकजुट हों।”