ईरान ने अमेरिकी कंपनी Amazon पर हमला किया, बहरीन स्थित डेटा सेंटर को निशाना बनाया…

ईरान ने अमेरिकी कंपनी Amazon पर बड़ा हमला किया है। ईरान ने बहरीन में अमेजन के डाटा सेंटर को निशाना बनाया। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, बहरीन के गृह मंत्रालय ने इस खबर की पुष्टि की है।

ईरान के एक हमले के बाद बहरीन में Amazon का क्लाउड कंप्यूटिंग ऑपरेशन क्षतिग्रस्त हो गया। बहरीन के गृह मंत्रालय ने बताया कि सिविल डिफेंस टीम ने कंपनी की सुविधा केंद्र पर लगी आग को बुझाया।

ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने एक दिन पहले ही अमेरिका को धमकी दी थी कि वो मिडिल ईस्ट में स्थित अमेरिकी कंपनियों माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft), गूगल (Google) और एपल (Apple) को निशाना बनाएंगे।

ईरान ने दी थी अमेरिकी कंपनियों पर हमले की धमकी

मंत्रालय ने तत्काल यह जानकारी नहीं दी थी कि इसमें कौन सी कंपनी शामिल थी, कोई हताहत हुआ या नहीं और नुकसान किस हद तक हुआ है।

IRGC ने अमेरिका को मंगलवार को चेतावनी दी थी कि अगर टारगेटेड हमलों में अब आगे ईरानी नेताओं को मारा गया तो 1 अप्रैल से खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिकी कंपनियों को निशाना बनाया जाएगा।

ट्रंप ने उड़ाया था मजाक

IRGC की धमकी के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत की थी। इस मीटिंग में ट्रंप से एक पत्रकार ने अमेरिकी कंपनियों पर ईरानी हमले की चेतावनी के बारे में भी पूछा था।

ट्रंप ने पत्रकारों को जवाब देते हुए ईरान की धमकी का मजाक उड़ाया था। ट्रंप ने कहा, ‘किससे? उन्होंने किस चीज से धमकाया? बीबी गन से? उनके पास धमकाने के लिए अब ज्यादा कुछ बचा नहीं है।’ बीबी गन एक खिलौना बंदूक होती है, जिसमें प्लास्टिक के छर्रे होते हैं।

ट्रंप कई बार दावा कर चुके हैं कि अमेरिका ने ईरान की युद्ध करने की ताकत का पूरी तरह खात्मा कर दिया है। लेकिन अब ईरान ने बहरीन में अमेरिकी कंपनी को निशाना बनाकर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *