हरियाणा में तैनात आईपीएस अधिकारी वाई पूरन कुमार की प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट PGI ने एसआईटी को सौंप दी है। जानकारी के मुताबिक इस रिपोर्ट में मौत का कारण खुदकुशी ही बताया गया है।
रिपोर्ट में बताया गया है कि गोली की वजह से उनके अंदरूनी अंग फट गए थे। बता दें कि गुरुवार हिंदू रीति रिवाज के अनुसार पूरन कुमार का अस्थि विसर्जन किया गया।
बता दें कि पूरन कुमार की मौत के आठ दिन बाद उनका परिवार पोस्टमार्टम करवाने पर सहमत हुआ था । पूरन कुमार के घर से एक सूइसाइड नोट मिला था जिसमें हरियाणा के पूर्व डीजीपी शत्रुजीत कपूर का भी नाम था।
आरोपों के बाद शत्रुजीत कपूर को लंबी छुट्टी पर भेज दिया गया।
घटनास्थल से मिले फाइनल नोट के आधार पर ही एफआईआर दर्ज की गई थी। इसी बीच एक एएसआई संदीप कुमार लाठर की मौत ने मामले को और उलझा दिया।
रोहतक के साइबर प्रकोष्ठ में तैनात संदीप कुमार ने मंगलवार को कथित तौर पर खुद को गोली मार ली थी। उन्होंने एक ‘अंतिम नोट’ छोड़ा है जिसमें भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के दिवंगत अधिकारी वाई पूरण कुमार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए हैं।
पूरण कुमार भी रोहतक जिले में तैनात थे। छह मिनट के एक वीडियो में वह पूरण कुमार की पत्नी एवं हरियाणा की वरिष्ठ नौकरशाह अमनीत कुमार का भी जिक्र करते हैं।
आत्महत्या के लिए उकसाने और आपराधिक साजिश रचने का आरोप लगाते हुए बुधवार को संदीप कुमार की पत्नी की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई।
छह मिनट के वीडियो और ‘सुसाइड नोट’ में संदीप कुमार ने आरोप लगाया कि पूरन कुमार ने ‘‘पारिवारिक अपमान से बचने के लिए’’ आत्महत्या कर ली और उनके परिवार की संपत्ति की जांच की जानी चाहिए।
हाल ही में रोहतक के सुनारिया में पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में महानिरीक्षक के पद पर तैनात हुए पूरण कुमार (52) चंडीगढ़ स्थित अपने आवास पर मृत पाए गए थे। उन्हें गोली लगी थी। बुधवार को चंडीगढ़ में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
मंगलवार को संदीप कुमार का शव रोहतक में लाढौत-धामर रोड के किनारे उनके एक रिश्तेदार के खेत में बने कमरे से बरामद किया गया था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, एएसआई संदीप कुमार ने हेड कांस्टेबल सुशील कुमार की गिरफ्तारी में भूमिका निभाई थी, जो आईजी पूरन कुमार का पीएसओ था।
मृतक आईजी का नाम हाल ही में एक रिश्वत कांड में सामने आया था। (भाषा से इनपुट्स के साथ)