चीनी रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी के अनुशासन और कानूनों के गंभीर उल्लंघन के आरोप में पीएलए के सर्वोच्च अधिकारी जनरल झांग यूक्सिया समेत दो वरिष्ठ चीनी सैन्य अधिकारियों के खिलाफ जांच शुरू की गई है।
जनरल झांग राष्ट्रपति शी चिनफिंग के नेतृत्व वाली शक्तिशाली केंद्रीय सैन्य आयोग (सीएमसी) के सर्वोच्च उपाध्यक्ष हैं। सीएमसी में झांग की स्थिति उन्हें चीनी सेना का सर्वोच्च अधिकारी बनाती है।
जांच के दायरे में आने वाले दूसरे वरिष्ठ अधिकारी जनरल लियू झेनली हैं, जो सीएमसी के सदस्य हैं और संयुक्त स्टाफ विभाग के चीफ आफ स्टाफ के रूप में कार्यरत हैं।
चीनी रक्षा मंत्रालय ने क्या कहा?
रक्षा मंत्रालय ने कहा, ”सीपीसी केंद्रीय समिति के विचार-विमर्श के बाद झांग यूक्सिया और लियू झेनली के खिलाफ जांच शुरू करने का निर्णय लिया गया है।”
विशेषकर सर्वोच्च सैन्य अधिकारी झांग के खिलाफ चल रही जांच ने चीनी सैन्य प्रतिष्ठान में हलचल मचा दी है।
झांग 24 सदस्यीय पोलित ब्यूरो के भी सदस्य हैं, जो चीन की कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीसी) का सत्ता केंद्र है।
शी चिनफिंग द्वारा 2012 में सत्ता संभालने के बाद से चलाए गए भ्रष्टाचार विरोधी अभियान के तहत पीएलए के दर्जनों वरिष्ठ अधिकारियों को बर्खास्त या दंडित किया गया है।