दिल्ली से गोवा जा रहे इंडिगो विमान का उड़ान के दौरान इंजन फेल, मुंबई में कराई गई आपात लैंडिंग…

दिल्ली से गोवा जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट की मुंबई एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई है।

पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि इंडिगो के एक विमान का एक इंजन कथित तौर पर फेल हो जाने के कारण उसे बुधवार को मुंबई हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी।

सूत्रों के अनुसार, दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से इंडिगो विमान के उड़ान भरने के बाद पायलट ने रात करीब 9:25 बजे हवाई यातायात नियंत्रण (ATC) को आपातकालीन स्थिति की सूचना दी।

इसके बाद रात करीब 9:42 बजे विमान की सुरक्षित लैंडिंग मुंबई एयरपोर्ट पर कराई गई। विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।

इंडिगो प्रवक्ता का आया बयान

इंडिगो के एक प्रवक्ता ने बयान जारी कर कहा, ‘फ्लाइट संख्या 6E-231 को तकनीकी खराबी के कारण उसे मुंबई में प्राथमिकता के आधार पर उतारा गया है।

विमान की जांच की जा रही है और यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। यात्रियों को हुई असुविधा के लिए हमें खेद है।’

कई फ्लाइट ट्रैकर्स ने दिखाया है कि इंडिगो की एक फ्लाइट ने रात करीब 8 बजे दिल्ली से गोवा के लिए उड़ान भरी लेकिन उसे मुंबई की ओर मोड़ दिया गया, जहां वह रात 10 बजे के करीब छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *