रायपुर : एशियन पैरा गेम्स में भारत का स्वर्णिम आगाज, मोना अग्रवाल ने जीता सोना, अवनि लेखरा ने दिलाई चांदी…

महिला 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में भारत का डबल पोडियम, वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने दी बधाई

मोना अग्रवाल ने 250.0 अंकों के साथ बनाया एशियन पैरा गेम्स रिकॉर्ड, दोनों बेटियों ने बढ़ाया देश का गौरव

वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारत की शानदार शुरुआत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए महिला 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग SH1 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली मोना अग्रवाल और रजत पदक हासिल करने वाली अवनि लेखरा को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। दोनों भारतीय निशानेबाजों ने एक ही स्पर्धा में स्वर्ण और रजत पदक जीतकर अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर तिरंगे का मान बढ़ाया है।

श्री चौधरी ने कहा कि एशियन पैरा गेम्स में भारत का डबल पोडियम पूरे देश के लिए गर्व और उल्लास का क्षण है। मोना अग्रवाल ने 250.0 अंकों के साथ एशियन पैरा गेम्स का नया रिकॉर्ड स्थापित करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया, वहीं अवनि लेखरा ने शानदार प्रदर्शन कर रजत पदक हासिल किया। दोनों खिलाडि़यों की यह उपलब्धि भारतीय पैरा खेलों की बढ़ती ताकत, प्रतिभा और उत्कृष्टता का शानदार उदाहरण है।

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि मोना अग्रवाल और अवनि लेखरा ने अपनी अद्भुत एकाग्रता, सटीक निशानेबाजी, कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प से यह साबित किया है कि मजबूत इच्छाशक्ति के सामने कोई भी चुनौती बड़ी नहीं होती। दोनों खिलाडि़यों का साहस, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण देश के लाखों युवाओं, विशेषकर दिव्यांग खिलाडि़यों और बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

श्री चौधरी ने कहा कि एशियन पैरा गेम्स में भारतीय खिलाडि़यों की यह स्वर्णिम शुरुआत आने वाली प्रतियोगिताओं के लिए उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ाने वाली है। उन्होंने दोनों पदक विजेता खिलाडि़यों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए भारतीय दल के सभी खिलाडि़यों को आगामी स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन और अधिक से अधिक पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाने के लिए शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *