कनाडा के सरे में गोलीबारी की एक घटना में भारतीय मूल के एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि इस घटना का संबंध कथित तौर पर संगठित अपराध से है। इस बात की जानकारी स्थानीय मीडिया ने दी।
ग्लोबल न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार रात सरे के सुलिवन हाइट्स स्थित एक टाउनहाउस कॉम्प्लेक्स से गोलीबारी की घटना सामने आई, जिसमें एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
इंटीग्रेटेड होमिसाइड इन्वेस्टिगेशन टीम (IHIT) ने सोमवार को एक अपडेट में बताया कि पीड़ित की पहचान 27 वर्षीय जसमन सेखों के रूप में हुई है।
‘नशीलें पदार्थों के व्यापार में शामिल था मृतक’
IHIT के बयान का हवाला देते हुए रिपोर्ट में कहा गया, “सेखों का पहले भी पुलिस से पाला पड़ चुका था और माना जाता था कि वह नशीले पदार्थों के धंधे में शामिल था। शुरुआती संकेतों से पता चलता है कि यह संगठित अपराध से जुड़ी एक सुनियोजित घटना थी।”
रिपोर्ट के अनुसार, गवाहों ने बताया कि सबसे पहले एक गहरे रंग की एसयूवी ने सेखों का पीछा किया, जिसके बाद उसमें से दो लोग बाहर निकले और उन पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि जब अधिकारी मौके पर पहुंचे तो सेखों को गोलियां लग चुकी थीं। अधिकारियों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो पाए।
जलता हुआ वाहन भी मिला
गोलीबारी की इस घटना के बाद पास ही एक जलता हुआ वाहन मिला, जिसे पुलिस गैंगवार से जुड़ी हत्याओं की एक पहचान मान रही है। अधिकारी यह पुष्टि करने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या यह जलता हुआ वाहन गोलीबारी की घटना से जुड़ा हुआ है।
रिपोर्ट में सार्जेंट फ्रेड फोंग के हवाले से कहा गया है, “जांचकर्ता इस हत्या से जुड़े हालात का पता लगाने और इसमें शामिल सभी लोगों की पहचान करने के लिए पूरी लगन से काम कर रहे हैं।”