भारत यात्रा पर आए रूस के प्रथम उप प्रधानमंत्री डेनिस मांतुरोव ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की और उन्हें व्यापार तथा आर्थिक साझेदारी सहित पारस्परिक सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों में हुई प्रगति से अवगत कराया।
बैठक के दौरान मोदी ने दिसंबर 2025 में 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की सफल भारत यात्रा का उल्लेख किया। प्रधानमंत्री ने पुतिन को हार्दिक शुभकामना दी और कहा कि वह उनके साथ आगे भी संवाद जारी रखने की आशा रखते हैं।
भारत-रूस विशेष रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने का उद्देश्य
मांतुरोव ने मोदी को सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों में हुई प्रगति के बारे में जानकारी दी, जिसमें व्यापार और आर्थिक साझेदारी, उर्वरक, कनेक्टिविटी और लोगों के बीच संबंध शामिल हैं।
पीएम मोदी ने वार्षिक शिखर सम्मेलन के परिणामों को लागू करने के लिए दोनों पक्षों द्वारा किए जा रहे निरंतर प्रयासों पर संतोष व्यक्त किया, जिसका उद्देश्य भारत-रूस विशेष रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करना है।
भारत-रूस संबंध सम्मान पर आधारित
इस बीच, रूस की सत्तारूढ़ ”यूनाइटेड रूस पार्टी” के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। इस दौरान नितिन नवीन ने कहा कि भारत-रूस संबंध गहरे विश्वास और आपसी सम्मान पर आधारित हैं।