फर्जी साइबर क्राइम अधिकारी बनकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर आरोपित को आजमगढ़ जिले की साइबर पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार किया।
आरोपित की पहचान गोरखपुर जिले के गोला थाना क्षेत्र के परसा उर्फ अगलहवा गांव निवासी आदिल हुसैन के रूप में हुई है। उसे रानी की सराय क्षेत्र के पैकौली बाजार से पकड़ने के बाद दोपहर बाद न्यायालय में पेश किया गया जहां से जेल भेज दिया गया।
साइबर थाना प्रभारी देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपित लोगों को फोन कर खुद को साइबर क्राइम अधिकारी बताता था। वह मनी लान्ड्रिंग जैसे गंभीर मामलों में फंसाने की धमकी देता और फिर मामले को निपटाने के नाम पर रुपये वसूलता था।
महराजगंज (आजमगढ़) थाना क्षेत्र के झोटीपुर गांव निवासी नागेंद्र मिश्र ने 17 जनवरी 2025 को शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने उन्हें डराकर 34,87,998 रुपये विभिन्न खातों में जमा करा लिए।
इस मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने पहले ही कौशिक सरवैया और भगीरथ सिंह जाला को 21 जून 2025 को गिरफ्तार कर जेल भेज था।
जांच में आदिल हुसैन का नाम भी सामने आया, जिसके बाद उसकी तलाश की जा रही थी। आरोपित के पकड़े जाने के बाद जिन बैंक खातों में ठगी की रकम ट्रांसफर की गई थी, उनकी भी जांच की जा रही है।