अमेरिका और इजरायल ने मिलकर ईरान पर हमला बोला है। इस हमले को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप का रिएक्शन सामने आया है।
एपी की रिपोर्ट के मुताबिक, डोनल्ड ट्रंप ने ईरान पर हुए हमले को लेकर बताया, ‘अमेरिका ने ईरान में बड़े लड़ाकू ऑपरेशन शुरू कर दिए हैं।’
ईरान पर हमले पर ट्रंप का पहला रिएक्शन
राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए अमेरिका के ईरान पर किए गए हमले के बारे में जानकारी दी। ट्रंप ने कहा, ‘ईरान पर इस हमले का उद्देश्य अमेरिकी नागरिकों की रक्षा और अयातुल्ला अली खामेनेई के शासन को समाप्त करना है।’
ट्रंप ने आगे कहा, ‘इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड के सदस्यों, आर्म्ड फोर्सेज और सभी पुलिसवालों से मैं आज रात कहता हूं कि आपको अपने हथियार डाल देने चाहिए और पूरी इम्यूनिटी लेनी चाहिए। अगर ऐसा नहीं किया तो आपको मौत का सामना करना पड़ेगा।’
ट्रंप ने वीडियो में कहा, ‘हमारा मकसद ईरानी शासन से होने वाले खतरों को खत्म करके अमेरिका के लोगों की रक्षा करना है। ईरान में बहुत ही सख्त, खतरनाक और भयानक लोगों का ग्रुप है।’
डोनल्ड ट्रंप ने कहा, ‘इस ग्रुप की खतरनाक गतिविधियां सीधे तौर पर US सैनिकों, लोगों और दुनिया भर में सहयोगियों के लिए खतरा पैदा करती हैं।’
ईरान को नहीं बनाने देंगे न्यूक्लियर बम
अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी कहा, ‘US अपने लोगों के हितों की रक्षा करने के लिए पक्का इरादा रखता है और ईरान को कभी भी अपने न्यूक्लियर बम नहीं बनाने देगा।’
ट्रंप ने आगे कहा, ‘हमले ईरान के न्यूक्लियर प्रोग्राम को खत्म करने के मकसद से किए गए थे, जिसे वे फिर से बनाने की कोशिश कर रहा था।’