इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अपनी मौत की अफवाहों पर सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर जवाब दिया है।
सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा था कि ईरान के हमले में उनकी मौत हो गई है। इन अफवाहों को खारिज करते हुए नेतन्याहू ने मजाकिया अंदाज में कहा, “मैं मर गया हूं… कॉफी के लिए।”
यह वीडियो उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया। वीडियो में वह एक कैफे में कॉफी ऑर्डर करते हुए दिखाई देते हैं और अफवाहों पर हल्के अंदाज में प्रतिक्रिया देते हैं।
उन्होंने कहा, “आप जानते हैं, मैं अपने लोगों के लिए मरने को तैयार हूं। मेरे लोग जिस तरह से व्यवहार कर रहे हैं, वह शानदार है।”
छह उंगलियों वाले वीडियो पर भी दिया जवाब
वीडियो के दौरान बेंजामिन नेतन्याहू ने अपने दोनों हाथ कैमरे की ओर उठाकर दिखाए।
दरअसल इससे पहले सोशल मीडिया पर कुछ पोस्ट में दावा किया गया था कि गुरुवार की उनकी प्रेस कॉन्फ्रेंस का एक वीडियो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से बनाया गया है और उसमें उनके एक हाथ में छह उंगलियां दिखाई दे रही हैं।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए नेतन्याहू ने मजाक में कहा, “क्या आप मेरी उंगलियां गिनना चाहते हैं? यहां देखिए और यहां भी। देख लिया? सब ठीक है।”