सूरत में महिला वन अधिकारी की हत्या के मामले में पति गिरफ्तार, सिर में गोली मारने का आरोप…

सूरत में महिला वन अधिकारी की हत्या के मामले में उसके पति को गिरफ्तार किया गया है।

आरोपित पति परिवहन विभाग में निरीक्षक है। उसने इस हत्या को अपने एक मित्र के साथ मिलकर अंजाम दिया।

सूरत के अडाजण वन विभाग में कार्यरत महिला अधिकारी सोनल सोलंकी बीते सप्ताह घायल स्थिति में कामरेज के नजदीक अपनी कार में मिली थीं।

उनके सिर में गोली लगी थी। पुलिस को घटना के बाद से फरार उनके पति निकुंज सोलंकी पर शक था।

दक्षिण गुजरात में यह हादसा एक सप्ताह से चर्चा में था, लेकिन इसकी गुत्थी अब सुलझती जा रही है। सूरत परिवहन विभाग में निरीक्षक निकुंज सोलंकी ने स्थानीय न्यायालय में अर्जी लगाते हुए एक अन्य मामले में समर्पण करने की इच्छा जताई थी।

पत्नी सोनल ने कुछ दिन पूर्व ही पति के खिलाफ अपनी निजी कार में जीपीएस लगाने की शिकायत की थी।

पुलिस अधीक्षक राजेश गेढिया ने बताया कि गत छह नवंबर को सोनल जख्मी हालत में सड़क के किनारे अपनी कार में मिली थीं।

चार वर्षीय बेटा भी उनके साथ था। पुलिस इसे सड़क हादसा मान रही थी। लेकिन, अस्पताल में जब स्कैन किया गया तो सोनल के सिर में गोली फंसी हुई दिखी। इस हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझाने का प्रयास किया।

घटना के बाद से पति फरार था। इसलिए, पहला शक उसी पर था। जांच में पता चला कि पति ने ही सोनल की निजी कार में जीपीएस लगवाया था।

सोनल ने तीन नवंबर को ही इसकी शिकायत स्थानीय पुलिस से की थी।

राजेश ने बताया कि पति निकुंज ने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया। लेकिन उसके खिलाफ पर्याप्त सुबूत मिल चुके हैं।

उसके एक मित्र ने सोनल को गोली मारी थी। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने बताया कि घटना से पहले के सीसीटीवी फुटेज में सोनल अपनी कर से गांव में दो बार चक्कर लगाते नजर आ रही हैं। इसके बाद अडाजण थाना क्षेत्र में जोखा गांव के पास उनकी कार पेड़ से टकराई हुई मिलती है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *