भोपाल के हमीदिया अस्पताल की मर्चुरी के बाहर दो नवजातों के अधजले शव मिले, पुलिस सीसीटीवी खंगालने में जुटी…

 हमीदिया अस्पताल परिसर में मर्चुरी के सामने दो नवजात के अधजले शव मिले हैं। ये शव यहां कैसे पहुंचे, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। दोनों शव एक पन्नी में लिपटे हुए थे।

मर्चुरी के कर्मचारियों की सूचना पर कोहेफिजा थाने की पुलिस ने शवों को कब्जे में लिया है। गुरुवार को उनका पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके बाद ही मृत्यु का सही कारण और अनुमानित समय पता चल सकेगा।

थानाप्रभारी कृष्ण गोपाल शुक्ला ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब 12 बजे दो नवजात के शव पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।

साथ ही हमीदिया अस्पताल में हाल में हुए बच्चों के जन्म से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है। इस मामले में अस्पताल के अधीक्षक डा. सुनील टंडन से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।

दूसरी ओर, गांधी मेडिकल कालेज की डीन डॉ. कविता एन. सिंह ने कहा कि उन्हें इस घटना की कोई जानकारी नहीं है। हमीदिया अस्पताल में करीब 200 सुरक्षाकर्मी तैनात रहते हैं। फिर भी किसी को नहीं पता कि शव पहुंचे कैसे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *