अमेरिका में बाल शोषण के खिलाफ स्टिंग ऑपरेशन, गुजरात मूल का टेक प्रोफेशनल गिरफ्तार…

अमेरिका में ऑनलाइन बाल शिकारियों के खिलाफ चलाए गए एक बड़े स्टिंग ऑपरेशन में गुजरात मूल के एक आईटी प्रोफेशनल को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी टेक्सास से फ्लोरिडा ऐसी लड़की से मिलने पहुंचा था जिसे वह नाबालिग समझ रहा था, लेकिन वहां पहुंचने पर उसका सामना अंडरकवर जासूसों से हो गया।

गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान 41 वर्षीय सिद्धार्थ सुनील कुमार पटेल के रूप में हुई है, जो मूल रूप से गुजरात का रहने वाला है और वर्तमान में फ्रिस्को, टेक्सास में रह रहा था। उसे 14 मई को फ्लोरिडा के लेक सिटी से हिरासत में लिया गया और कोलंबिया काउंटी डिटेंशन सेंटर भेज दिया गया। लेक सिटी पुलिस ने बताया कि पटेल को बिना किसी विरोध के गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपी पर लगीं गंभीर धाराएं

सिद्धार्थ पटेल पर फ्लोरिडा के कड़े कानूनों के तहत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें बच्चे को फुसलाने या लुभाने के लिए कंप्यूटर/इंटरनेट का उपयोग करना, 18 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति द्वारा 15 वर्ष से कम उम्र के पीड़ित पर यौन हमला, इंटरनेट के माध्यम से बच्चे को जाल में फंसाने के बाद उससे मिलने के लिए यात्रा करना शामिल हैं।

फ्लोरिडा के कानून के मुताबिक, यदि ये आरोप अदालत में साबित हो जाते हैं, तो पटेल को कई वर्षों की लंबी जेल की सजा काटनी पड़ सकती है।

 पुलिस का इंटरनेट क्राइम स्टिंग ऑपरेशन

यह गिरफ्तारी इंटरनेट क्राइम्स अगेंस्ट चिल्ड्रन अभियान के तहत की गई। लेक सिटी के जासूसों ने एक ऐसी वेबसाइट पर फर्जी विज्ञापन पोस्ट किए थे, जिसका इस्तेमाल आमतौर पर यौन संबंधों के लिए किया जाता है।

अंडरकवर पुलिसकर्मी खुद को किशोर लड़कियां बताकर कई संदिग्धों से बात कर रहे थे, जिनमें पटेल भी शामिल था। पुलिस विभाग द्वारा जारी बयान के अनुसार, डिजिटल बातचीत से यह साफ हो गया कि पटेल का इरादा बच्चों का शोषण करना था।

उसने अंडरकवर अधिकारियों के साथ अत्यधिक आपत्तिजनक और अश्लील बातें कीं, और फिर एक तय योजना के तहत शारीरिक संबंध बनाने के इरादे से टेक्सास से फ्लोरिडा तक का सफर तय किया।

इस मामले पर लेक सिटी के पुलिस प्रमुख गेराल्ड बटलर ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि इंटरनेट का इस्तेमाल कर नाबालिगों को अपना शिकार बनाने वाले लोगों से बच्चों को सुरक्षित रखना हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। हम ऐसे अपराधियों के खिलाफ अपनी कार्रवाई जारी रखेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *