राजधानी दिल्ली सहित एनसीआर में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने हवा की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए मंगलवार को दिल्ली-एनसीआर में ग्रेप (ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान) तीन के प्रतिबंध लागू कर दिए हैं।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक, सोमवार यानी 10 नवंबर को दिल्ली का औसत एक्यूआई बहुत खराब श्रेणी में 362 दर्ज किया गया था, जिसमें तेजी से बढ़ोतरी देखी गई है। प्रतिकूल मौसम संबंधी परिस्थितियों के कारण आज मंगलवार यानी 11 नवंबर को सुबह 9:00 बजे दिल्ली का एक्यूआई गंभीर श्रेणी में 425 दर्ज किया गया है। उल्लेखनीय हैं कि एनसीआर में पहले से लागू ग्रेप के चरण I और II के तहत की गई कार्रवाइयों के अतिरिक्त ग्रेप-3 में प्रतिबंध लगाए गए हैं।