दोस्त दोस्त नहीं रहा… साथ छोड़ते ही एलन मस्क बन गए हमलावर, अब ट्रंप का भी टूट रहा सब्र…

मशहूर कारोबारी और दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क इन दिनों अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सरकार पर हमलवार हो गए हैं।

पिछले सप्ताह तक इस सरकार में अहम भूमिका निभा रहे मस्क कुछ ही दिनों पहले तक राष्ट्रपति ट्रंप के सबसे करीबी लोगों में से एक थे।

हालांकि अब दोनों की इस दोस्ती में दरार आ गई है। इस दोस्ती के टूटने की वजह ट्रंप सरकार द्वारा लाया जाने वाला एक बिल है, जिसे जल्द ही कानून में बदलने की तैयारी है।

इस बिल का मस्क ने जबरदस्त तरीके से विरोध किया है। वहीं अब अमेरिकी राष्ट्रपति भी मस्क के इस बर्ताव से नाराज हैं।

वॉल स्ट्रीट जनरल की एक रिपोर्ट के मुताबिक मस्क द्वारा सार्वजनिक रूप से बिल का बार-बार विरोध किए जाने से ट्रंप बिल्कुल खुश नहीं हैं।

इस रिपोर्ट के मुताबिक राष्ट्रपति ट्रंप का धैर्य अब जवाब दे रहा है। वाइट हाउस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया है कि ट्रंप मस्क की आलोचना से खुश नहीं हैं।

अधिकारी के मुताबिक राष्ट्रपति यह पूछ रहे हैं कि चार महीने तक इतने करीब से काम करने के बाद मस्क ने ऐसे आलोचना करने का फैसला क्यों किया। अधिकारी ने कहा कि ट्रंप मस्क के नए आक्रामक हमले से अचंभित भी हैं।

एलन मस्क ने किए नए हमले

इस बीच टेस्ला CEO एलन मस्क ने डोनाल्ड ट्रंप के नए कानून पर एक और हमला किया है। ट्रंप सरकार में सरकारी दक्षता विभाग (DOGE) की जिम्मेदारी संभालने वाले मस्क ने गुरूवार को इस बिल को लेकर नए हमले किए।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि इस बिल से अमेरिका कर्ज तले डूब जाएगा। मस्क ने एक्स पर लिखा, “अपने सीनेटर को फोन करें, अपने सांसदों को फोन करें, अमेरिका को दिवालिया बनाना ठीक नहीं है! इस विधेयक को खत्म करें।”

एक और फैसले पर बढ़ा मतभेद

वहीं मस्क, ट्रंप के NASA प्रशासन का नेतृत्व करने के लिए उनके एक सहयोगी के नामांकन को वापस लेने के फैसले से भी नाराज हैं।

मामले से परिचित लोगों के मुताबिक इसाकमैन के करीबी सहयोगी मस्क ने उन्हें NASA का नेतृत्व सौंपने की वकालत की थी, जिसे ट्रंप सरकार ने खारिज कर दिया है।

इस फैसले से मस्क नाराज हो गए हैं। बता दें कि पिछले साल राष्ट्रपति चुनाव अभियान के दौरान ट्रंप को जीतने में मदद करने के लिए मस्क ने सैकड़ों मिलियन डॉलर की फंडिंग दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *