बांग्लादेश में जैसे-जैसे आम चुनाव करीब आ रहे हैं, राजनीतिक गतिविधियां तेज हो रही हैं। इसी बीच 17 साल से आत्म निर्वासन में रह रहे पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के बेटे और मुख्य विपक्षी पार्टी बीएनपी के कार्यवाहक अध्यक्ष तारिक रहमान ने भी बांग्लादेश वापसी का ऐलान कर दिया है। उन्होंने कहा, कुछ जरूरी वजहों से अब तक मेरी वापसी नहीं हो पाई।
अब समय आ गया है। मैं जल्द ही लौटने वाला हूं। उन्होंने कहा है कि फरवरी में होने वाले आम चुनाव के वक्त वह बांग्लादेश में ही होंगे।
58 साल के तारिक रहमान ने कहाा, मैं भले ही पिछले 17 साल से ब्रिटेन में रह रहा हूं लेकिन मानसिक रूप से मैं बांग्लादेश में ही रहता हूं। उन्होंने कहा, बांग्लादेश में चुनाव का सभी को इंतजार था।
ऐसे समय में भला दूर कैसे रहा जा सकता है। उन्होंने कहा, चुनाव के दौरान मैं आप लोगों के बीच ही रहूंगा। उन्होंने यह भी कहा कि वह खुद भी चुनावी मैदान में उतरेंगे।
प्रधानमंत्री बनने के सवाल पर क्या बोले रहमान
रहमान से जब सवाल किया गया कि क्या वह प्रधानमंत्री बनना चाहते हैं। इसपर उन्होंने कहा, यह फैसला तो लोग ही करेंगे। बता दें कि साल 2008 में ही उस समय की आर्मी समर्थित केयरटेकर सरकार ने उन्हें लंदन भेज दिया था।
उनपर 2004 के ग्रेनेड अटैक सहित कई आपराधिक केस दर्ज थे। 2004 में उस समय की विपक्षी नेता शेख हसीना पर ग्रेनेड अटैक हुआ था।
शेख हसीना के 15 साल के शासन के दौरान वह लंदन में ही रहे। उनकी मां खालिदा जिया की उम्र 80 के आसपास पहुंच गई है।
ऐसे में राजनीति में ज्यादा सक्रिय नहीं हैं। बता दें कि पिछले साल जुलाई में आवामी लीग की सरकार को जबरन हटा दिया गया। इसके बाद से ही नोबेल विजेता मोहम्मद यूनुस की अगुआई में अंतरिम सरकार चल रही है।