राजस्थान में एक दुर्लभ बीमारी स्टोन मैन सिंड्रोम का पहला मरीज चिन्हित किया गया है। राज्य के सीमावर्ती जिले जैसलमेर में नौ वर्षीय बच्चा इस अनुवांशिक विकार से पीड़ित है।
चिकित्सकों का दावा है कि 20 लाख लोगों में से एक व्यक्ति को यह बीमारी होती है। इस बीमारी से पीड़ित व्यक्ति का शरीर धीरे-धीरे पत्थर की तरह होने लगाता है।
पिछले दिनों जोधपुर एम्स अस्पताल की ओर से जैसलमेर में एक कार्यशाला का आयोजन किया गया था। इस कार्यशाला में एक दंपति अपने नौ वर्षीय बेटे को लेकर पहुंचे।
दंपति ने चिकित्सकों को बताया कि बच्चा बिस्तर पर रहता है। वह खड़ा भी नहीं हो सकता है। इस पर एम्स के चिकित्सकों ने जांच के बाद बच्चे के स्टोन मैन सिंड्रोम नामक बीमारी से पीडि़त होने की बात दंपति 4 को बताई।
जैसलमेर के वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. दिनेश जांगिड़ ने बताया कि चिकित्सा की भाषा में इस बीमारी को फाइब्रोडिस्प्लासिया आसिफिकन्स प्रोग्रेसिवा(एफओपी) भी कहा जाता है। इस बीमारी में मरीज के जोड़ों के ऊपर हड्डियों का एक दूसरा ढ़ांचा विकसित होने लगता है। इससे इंसान धीरे-धीरे एक जिंदा मृर्ति की तरह बन जाता है।
इस बीमारी के लक्षण बचपन से ही दिखने लगते हैं। इसकी प्रमुख पहचान बच्चे के पैर के अंगूठे की असामान्य बनावट अथवा उसका अंदर की तरफ मुड़ा होना है। एम्स के चिकित्सकों का मानना है कि इस बीमारी का अब तक कोई स्थायी उपचार नहीं मिला है।
जानकारी के अभाव में लोग इस बीमारी को सामान्य सूजन अथवा कैंसर की गांठ समझ लेते हैं। जांगिड़ ने कहा, फिलहाल बच्चे के बारे में जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
जैसलमेर से गुजरात जा रही बस में लगी आग, एक की मौत
जैसलमेर से सूरत जा रही एक बस में गुजरात के धानरा के निकट तकनीकी खराबी के कारण आग लग गई। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि 12 से अधिक यात्री झुलस गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बनी हुई है। यह बस दो दिन पहले ही इस रूट पर शुरू हुई थी।
जानकारी अनुसार, बस में कुल 16 लोग सवार थे। शुक्रवार सुबह बस बनासकांठा के धानरा में पहुंची, तब सारे यात्री गहरी नींद में थे। अचानक बस के एयर कंडीशनर में तकनीकी खामी के चलते विस्फोट हुआ, जिससे आग लग गई। यात्रियों ने किसी तरह अपनी जान बचाई।
जैसलमेर के जिला परिवहन अधिकारी टीकूराम पूनड़ ने बताया कि बस के फिटनेस समेत सभी दस्तावेज सही हैं। आग लगने का कारण एयर कंडीशनर बताया जा रहा हैं। आप को बता दें कि अक्टूबर 2025 में जैसलमेर में एक बस दुर्घटना में 29 लोगो की मौत हुई थी।