कर्नाटक सरकार की नई आबकारी नीति के ऐलान के बाद शराब कंपनियों के शेयरों में जोरदार तेजी देखने को मिली। राज्य के बजट 2026 में आबकारी कानून में बड़े बदलाव का प्रस्ताव आने के बाद कई शराब कंपनियों के शेयर 2% से 7% तक उछल गए। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया (Siddaramaiah) ने बजट पेश करते हुए कहा कि,
राज्य सरकार शराब की कीमत तय करने की व्यवस्था खत्म करेगी। नई नीति के तहत कंपनियां बाजार प्रतिस्पर्धा के आधार पर खुद कीमत तय कर सकेंगी। यह नई व्यवस्था अप्रैल 2026 से लागू होने की योजना है।”
सरकार ने यह भी प्रस्ताव दिया है कि अब शराब पर टैक्स पेय में मौजूद वास्तविक अल्कोहल कंटेंट के आधार पर लगाया जाएगा। अभी तक टैक्स का निर्धारण कुल मात्रा और वैश्विक वर्गीकरण के आधार पर किया जाता था। नए सिस्टम में बदलाव 3 से 4 साल में चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।
ऐलान के बाद 7% तक उछले शेयर
नई नीति के ऐलान के बाद बाजार में शराब कंपनियों के शेयरों में तेजी आई। यूनाइटेड स्प्रिट (United Spirits Share Price) का शेयर करीब 7% उछलकर 1,417 रुपए तक पहुंच गया।
वहीं यूनाइटेड ब्रेवरीज (United Breweries Share Price) और तिलकनगर इंडस्ट्रीज ( Tilaknagar Industries Share Price) के शेयर करीब 5% बढ़े।
इसके अलावा रेडिको खैतान (Radico Khaitan Share Price) का शेयर 6% चढ़ा, जबकि सुला वाइन यार्ड्स (Sula Vineyards Share Price) में करीब 2% की तेजी देखी गई।
एलाइड ब्लेंडर्स एंड डिस्टिलरीज़ (Allied Blenders and Distillers) और ग्लोबस स्प्रिट (Globus Spirits Share Price) के शेयर भी लगभग 3% तक उछले।
ब्रोकरेज फर्म नुवामा ने क्या कहा?
ब्रोकरेज फर्म नुवामा का कहना है कि शराब कीमतों के सरकारी नियंत्रण को खत्म करना इस सेक्टर के लिए सकारात्मक कदम है।
इससे कंपनियों को बाजार के हिसाब से कीमत तय करने की आजादी मिलेगी और मुनाफे में सुधार की संभावना बढ़ेगी।
दरअसल पिछले साल मई में कर्नाटक सरकार ने इंडियन-मेड शराब और बीयर पर अतिरिक्त आबकारी शुल्क (AED) बढ़ा दिया था, जिससे शराब कंपनियों के शेयरों पर दबाव आया था।
लेकिन अब नई नीति के ऐलान से निवेशकों का भरोसा फिर मजबूत होता दिख रहा है।