रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म करने के पक्ष में डोनाल्ड ट्रंप, मार्को रूबियो-वोलोदिमिर जेलेंस्की मुलाकात में बनी सहमति…

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने रविवार को कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप रूस-यूक्रेन युद्ध को हमेशा के लिए समाप्त करना चाहते हैं।

उन्होंने फेसबुक पोस्ट में कहा, ”यूक्रेन की सुरक्षा और रक्षा एवं आर्थिक साझेदारी को मजबूत करने के विषय पर यूक्रेनी राष्ट्रपति से मुलाकात की। राष्ट्रपति ट्रंप ऐसा समाधान चाहते हैं, जिससे रक्तपात हमेशा के लिए समाप्त हो जाए।”

यह मुलाकात यूक्रेन, रूस और अमेरिका के बीच होने वाली त्रिपक्षीय बैठक की पृष्ठभूमि में हुई है, जो 17-18 फरवरी को जिनेवा में होने की उम्मीद है।

वहीं, आईएएनएस के अनुसार, म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन में जेलेंस्की ने कहा, ”यूक्रेन एक ऐसे समझौते के लिए तैयार है जो हमारे लिए और यूरोप के लिए वास्तविक शांति लाएगा।” उन्होंने कहा कि यूरोप व्यावहारिक रूप से वार्ता की मेज पर मौजूद नहीं है, जो बड़ी गलती है।

यूक्रेन यूरोप को वार्ता प्रक्रिया में शामिल करने का प्रयास कर रहा है। यूक्रेन इन वार्ताओं को सफल बनाने के लिए हर संभव प्रयास करेगा। इस बीच, रॉयटर के अनुसार, जेलेंस्की ने रविवार को कहा कि यूक्रेन ने यूरोपीय सहयोगियों के साथ नए ऊर्जा और सैन्य सहायता पैकेजों पर सहमति व्यक्त की है। उम्मीद है कि यह दस दिनों के अंदर मिल जाएगी।

यूक्रेन ने रूस के तमन बंदरगाह पर बोला हमला

एपी के अनुसार, यूक्रेन के ड्रोन हमले में रूस के काला सागर बंदरगाहों में से एक पर आग लग गई। क्रास्नोदार क्षेत्र के तमन बंदरगाह पर हुए हमले में दो लोग घायल हो गए। हमले में एक तेल भंडारण टैंक, गोदाम और टर्मिनल क्षतिग्रस्त हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *