अमेरिका में भारतीयों का दबदबा, सबसे अधिक आय अर्जित करने वाले समुदायों में भारतीय शीर्ष पर…

भारतीय-अमेरिकी परिवारों की औसत वार्षिक आय लगभग 151,200 डॉलर है, जो अमेरिका की औसत आय (लगभग 83,700 डॉलर) से कहीं अधिक है। साथ ही देश के सभी प्रमुख जातीय समूहों में पहले स्थान पर है।

प्यू रिसर्च सेंटर के निष्कर्षों के हवाले से द आस्ट्रेलिया टुडे की रिपोर्ट में कहा गया है कि भारतीय-अमेरिकी परिवार एक औसत अमेरिकी परिवार की तुलना में प्रति वर्ष लगभग 67,000 डॉलर अधिक या लगभग 80 प्रतिशत अधिक कमाते हैं।

भारतीय अमेरिकी देश की कुल आबादी का लगभग 1.4 प्रतिशत है। इस मामूली हिस्सेदारी के बावजूद पेशेवर, तकनीकी और विशिष्ट क्षेत्रों में उनकी उच्च भागीदारी के कारण आर्थिक क्षेत्र में उनका योगदान महत्वपूर्ण है।

अन्य उच्च आय वाले एशियाई समुदायों में भी भारतीय अमेरिकी स्पष्ट रूप से आगे हैं। ताइवानी-अमेरिकी परिवार लगभग 133,300 डॉलर की औसत आय के साथ दूसरे स्थान पर हैं, जो दर्शाता है कि भारतीय-अमेरिकी परिवारों की आय लगभग 17,900 डालर अधिक है, यानी लगभग 13-14 प्रतिशत अधिक।

रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि सभी एशियाई-अमेरिकी परिवारों की संयुक्त औसत आय लगभग 105,600 डालर है, जो अब भी औसत भारतीय-अमेरिकी परिवार की आय से काफी कम है।

भारतीय मूल के अमेरिकियों की उच्च आय राजस्व में उनके उल्लेखनीय योगदान को दर्शाती है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि भारतीय अमेरिकी परिवार सामूहिक रूप से लगभग छह प्रतिशत करों का भुगतान करते हैं, जो उच्च आय वर्ग में उनकी मजबूत व्यावसायिक भागीदारी को दर्शाता है।

टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने हाल ही में कहा था कि भारतीय मूल के लोग, विशेष रूप से इंजीनियर, विज्ञानी और उद्यमी अमेरिका में विभिन्न उद्योगों में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं और देते रहेंगे।

अमेरिका में अप्रवासियों द्वारा स्थानीय लोगों की नौकरियां छीनने की चिंताओं पर मस्क ने कहा कि उनकी कंपनियों को उच्च कुशल लोगों को खोजने में कठिनाई होती है और वैश्विक प्रतिभा उन्हें इस कमी को पूरा करने में मदद करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *