Bah-Bateshwar को ‘अटल नगर’ नाम देकर नया जिला बनाने की मांग, Fatehpur Sikri से सांसद राजुकमार चाहर ने लोकसभा में रखे फायदे…

लोकसभा के बजट सत्र में फतेहपुर सीकरी से भाजपा सांसद राजकुमार चाहर ने बाह-बटेश्वर को अटल नगर घोषित कर नया जिला बनाए जाने की जोरदार मांग उठाई। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी और लोगों को प्रशासनिक सुविधाएं सुलभ हो सकेंगी।

फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर ने संसद में उठाया बाह को जिला बनाने का मुद्दा

सांसद चाहर ने सदन में कहा कि बाह-बटेश्वर, भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई का पैतृक गांव है, जिससे इसकी ऐतिहासिक और भावनात्मक महत्वता और बढ़ जाती है।

साथ ही यह जैन धर्म के 22 वें तीर्थंकर भगवान नेमिनाथ की तपोस्थली सौरीपुर-बटेश्वर के रूप में भी विश्व स्तर पर प्रसिद्ध है। उन्होंने कहा कि बाह-बटेश्वर क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, लेकिन अब तक इसे अपेक्षित पहचान और संसाधन नहीं मिल सके हैं।

संसद में गूंजी बाह क्षेत्र के विकास की आवाज, पर्यटन व प्रशासनिक सुविधाओं को मिलेगी गति

आगरा जिला मुख्यालय से लगभग 100 किलोमीटर की दूरी होने के कारण क्षेत्रीय लोगों को प्रशासनिक कार्यों के लिए काफी परेशानी उठानी पड़ती है।

सांसद चाहर ने कहा कि वर्तमान में अटल बिहारी वाजपेई का जन्म शताब्दी वर्ष चल रहा है। ऐसे में बाह-बटेश्वर को अटल नगर के रूप में विकसित कर नया जिला घोषित करना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इससे क्षेत्र में पर्यटन, रोजगार और आधारभूत ढांचे के विकास को गति मिलेगी। 

जिला बनने से होंगे ये लाभ

  • बाह के अंतिम गांव कचौरा घाट की जिला मुख्यालय से 100 किलोमीटर दूरी है। जिला बनने से लोगों को समस्या लेकर इतनी दूर नहीं जाना पड़ेगा।
  • जिला बनने पर छोटे छोटे रोजगार के अवसर मिलेंगे।
  • क्षेत्र पिछड़ा है विकास का रास्ता साफ होगा।
  • शिक्षा, चिकित्सा में सुधार होगा।

फतेहपुरसीकरी सांसद ने कहा, कि केंद्र और प्रदेश सरकार से इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपील करते हुए कहा कि इससे बाह क्षेत्र की जनता को विकास की नई सौगात मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *