यूपी के अंबेडकरनगर में थाना क्षेत्र जहांगीरगंज के लखनडीह गांव के हाजीपुर गांव में चाय बनाते समय गैस सिलेंडर से बम जैसा बिस्फोट हो गया। सिलेंडर दगने से कोई जनहानि नहीं हुई लेकिन मकान पूरी तरह ध्वस्त हो गया और उसका मलबा दो सौ मीटर दूर तक बिखर गया।
सिलेंडर दगने से गांव में अफरा तफरी मच गई। सूचना पर पहुंचे सीओ आलापुर प्रदीप सिंह बघेल ने घटना की जानकारी ली।
बताया जाता है कि थाना क्षेत्र जहांगीरगंज के लखनडीह गांव के हाजीपुर पुरवे निवासी सहदेव गौड़ की पत्नी सुदामा देवी शुक्रवार को सुबह लगभग आठ बजे अपने करकटनुमा मकान में चाय बना रही थी।
इसी दौरान सिलेंडर लीक होने के कारण सिलेंडर में आग लग गई।
सुदामा देवी ने परिजनों को गुहार लगाकर बुलाया। सभी ने गैस सिलेंडर पर कम्बल आदि लगा कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया । लेकिन सफल नहीं हो सके।
आग न बुझने पर सभी परिजन और आसपास के घरों के लोग दूर हट गए। देखते ही देखते आग का गोला बना सिलेंडर दग गया।
सिलेंडर दगने से करकट नुमा मकान पूरी तरह ध्वस्त हो गया और उसका मलबा लगभग दो सौ मीटर दूर तक बिखर गया।
परिजनों और ग्रामीणों के दूर खड़े हो जाने से कोई जनहानि नहीं हो सकी। सूचना मिलने पर ग्राम प्रधान रवींद्र यादव मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी जहांगीरगंज पुलिस को दी।
सूचना पर पहुंचे सीओ आलापुर प्रदीप सिंह बघेल थानाध्यक्ष अजय प्रताप यादव ने घटना की जानकारी परिजनों से लिया। थानाध्यक्ष अजय प्रताप यादव ने बताया कि मामले में कार्यवाही की जा रही है।
सक्रियता से नहीं हुई कोई जनहानि
हाजीपुर में गैस सिलेंडर दगने से परिजनों की सक्रियता के चलते कोई जनहानि नहीं हो पाई। अगर परिजन सक्रियता नहीं दिखाये होते तो बड़ा हादसा हो सकता था।
बताया जाता है कि सहदेव गौड़ और उनके तीन बेटों हरिश्चंद लालचंद्र और भोला के परिवार भी रहते हैं। चाय बनाते समय पूरा परिवार घर में मौजूद थे।
जब सिलेंडर लीक होने के बाद आग का गोला बन गया था और बुझाने पर नहीं बुझ रहा था तो सभी परिजन घर छोड़ कर काफी दूर खड़े हो गए। जिसके कारण सबकी जान बच गई।