महराजगंज में शादी के निमंत्रण के नाम पर APK फाइल भेजकर साइबर ठगी, क्लिक करते ही खाते से 99,999 रुपये उड़े…

साइबर ठग नए-नए तरीकों से लोगों को निशाना बना रहे हैं। इसी कड़ी में एक व्यक्ति को वेडिंग इनविटेशन (शादी का निमंत्रण) की एपीके फाइल भेजकर 99,999 रुपये की साइबर ठगी कर ली गई। पुलिस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी है।

मूल रूप से हरियाणा के फरीदाबाद स्थित राजीव कालोनी बल्लभगढ़ निवासी आलिम खान महराजगंज जिले में डूडा विभाग में सीएलटीसी (सिटी लेवल टेक्निकल सेल) के पद पर तैनात हैं। वह कोतवाली थाना अंतर्गत पटेल नगर में रहते हैं।

उनके मोबाइल पर 26 फरवरी को वेडिंग इनविटेशन नाम से एक एपीके फाइल आई थी। फाइल पर क्लिक करते ही उनके खाते से 99,999 रुपये निकल गए। पीड़ित ने तत्काल इसकी शिकायत साइबर हेल्पलाइन पर भी दर्ज कराई थी।

इसके बाद भी उनकी रकम के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। फिर उन्होंने 10 मार्च को कोतवाली में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराने की मांग की। उन्होंने बताया कि साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराने के बाद वहां जानकारी दी गई कि रिपोर्ट कोतवाली चली जाएगी।

उसके बाद वहां से आपको सूचना दी जाएगी। सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक निर्भय सिंह ने बताया कि साइबर थाने से रिपोर्ट आने और पीड़ित की तहरीर प्राप्त होने पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *