क्यूबा ने गुरुवार को कहा कि उसने 2,010 कैदियों को माफ कर दिया है। यह ऐसे समय में हुआ है, जब ट्रंप प्रशासन का उस पर काफी दबाव है। क्यूबा की सरकार ने कहा कि ये माफी पवित्र सप्ताह के अवसर पर एक मानवीय कदम था। उसने अमेरिका के बढ़ते दबावों का कोई जिक्र नहीं किया।
सरकार ने कहा कि उसने विदेशियों और क्यूबा के नागरिकों को रिहा कर दिया है, जिनमें महिलाएं, बुजुर्ग और युवा शामिल हैं। क्यूबा के अधिकारियों ने यह नहीं बताया कि किसे रिहा किया गया और किन शर्तों पर, और न ही उन अपराधों का जिक्र किया जिनका उन पर आरोप था।
राजनीतिक कैदियों को मान्यता नहीं
अधिकारियों ने इस बारे में भी कोई जानकारी नहीं दी कि जिन लोगों को माफी दी गई है, उनमें से कोई ऐसे प्रदर्शनकारी भी शामिल थे या नहीं, जिन्हें आतंकवाद, अवमानना या सार्वजनिक अव्यवस्था के लिए दोषी ठहराकर सजा सुनाई गई थी।
क्यूबा की सरकार राजनीतिक कैदियों को मान्यता नहीं देती है, लेकिन प्रिजनर्स डिफेंडेड नामक कार्यकर्ता समूह ने कहा है कि क्यूबा में राजनीतिक कारणों से जेल में 1,214 लोग बंद हैं।